अहमदाबाद में 24 नवंबर को रोड शो करेंगे राहुल गांधी
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन का काम आज पूरा हो जाने के बाद कांग्रेस पहले चरण के लिए ज़ोर शोर से प्रचार अभियान शुरू करेगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 24 नवंबर को अहमदाबाद में रोड शो करेंगे।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 24 नवंबर को प्रातः एक दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचेंगे। अपने कार्यक्रम के दौरान वे पोरबंदर जाते समय मछुआरों के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। उसके बाद वे आनद के नानी देवली गाँव में दलित शक्ति केंद्र का दौरा करेंगे। उसके बाद वे शाम में अहमदाबाद में रोड शो करेंगे।
एक दिन के अपने तूफानी दौरे के दौरान राहुल गांधी बुद्धजीवियों के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर डॉक्टरों और शिक्षकों के भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। वहीँ बाद में अहमदाबाद के निकोल इलाके में एक सभा को भी सम्बोधित करेंगे।
हालाँकि कांग्रेस सूत्रों के अनुसार अभी राहुल गांधी की जनसभा के लिए एआईसीसी से हरी झंडी नहीं मिली है। फिर भी उनकी सभा के आयोजन के लिए गुजरात प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार अहमदाबाद में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सभा के आयोजन की अनुमति किसी भी समय मिल सकती है इसलिए पहले से पूरी तैयारियां की जा रही हैं।
गुजरात में चुनाव माहौल अब चरम पर है। आज नामांकन के अंतिम दिन कई बड़े नेता अपने अपने नामांकन दाखिल करेंगे। इनमे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल भी शामिल हैं।
