अलीगढ सीट पर कड़ी टक्कर दे रहे हैं प्रोग्रेसिव सपा के उम्मीदवार दीपक चौधरी
अलीगढ ब्यूरो। अलीगढ लोकसभा सीट पर मुकाबला काफी रोचक हो गया है। इस सीट पर प्रोग्रेसिव समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार दीपक चौधरी की मौजूदगी से कांग्रेस, बीजेपी और सपा बसपा गठबंधन को कड़ी टक्कर मिल रही है।
अलीगढ लोकसभा सीट को लेकर कहा जा रहा था कि इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा लेकिन प्रोग्रेसिव समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार दीपक चौधरी की मौजूदगी से मुकाबला चतुष्कोणीय बनता दिख रहा है।
दीपक चौधरी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू के पुत्र हैं। युवा होने के कारण दीपक चौधरी युवा मतदाताओं में खासे लोकप्रिय हैं वहीँ पिता की राजनैतिक विरासत का भी उन्हें भरपूर लाभ मिल रहा है।
दीपक चौधरी का कहना है कि सरकारें आयीं और चली गयीं लेकिन अलीगढ को कुछ नहीं मिला। उधोग धंधो के नाम पर अलीगढ में आज भी चंद ताले की फैक्ट्रियां ही हैं। उन्होंने कहा कि आज भी अलीगढ के युवाओं को नोयडा से दिल्ली, गुड़गांव और फरीदाबाद तक नौकरियां तलाश करने जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता अलीगढ में उधोग लगवाना होगा।
दीपक चौधरी ने कहा कि वे सभी जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यो का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए।
अलीगढ लोकसभा सीट पर 18 अप्रेल को मतदान होना है। इस सीट पर बीजेपी ने एक बार फिर सांसद सतीश गौतम को उम्मीदवार बनाया है वहीँ सपा बसपा गठबंधन ने अजीत बालियान और कांग्रेस ने चौधरी बिजेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
अलीगढ लोकसभा सीट पर 2014 में मतदाताओं की कुल तादाद 17,93,126 थी। इसमें 53.87 फीसदी पुरुष मतदाता और 46.12 फीसदी महिला मतदाता हैं। अलीगढ लोकसभा क्षेत्र में कुल पांच विधानसभाएं अलीगढ, कोल, बरोली, खैर और अतरौली आती हैं।
यहाँ 2004 में अंतिम बार कांग्रेस उम्मीदवार मामूली बढ़त से चुनाव जीते थे। इससे पहले 1952 और 1957 के चुनाव में यहां कांग्रेस ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी लेकिन इन चुनाव के बाद लगातार चार चुनाव यहां गैर कांग्रेसी दल जीते। इसमें 1967, 1971 भारतीय क्रांति दल और 1977, 1980 में जनता दल ने जीत दर्ज की थी।
जातिगत समीकरणों के हिसाब से अलीगढ लोकसभा सीट पर करीब 20 फीसदी मुस्लिम जनसंख्या और करीब 80 फीसदी हिंदू मतदाता हैं। इस लोकसभा सीट पर मुस्लिम, जाट, ब्राह्मण, ओबीसी और दलित मतदाताओं की अच्छी तादाद है।
