अयोध्या मामले पर कोर्ट का फैसला स्वीकार, भाजपा के मुंह में राम और दिल में नाथूराम : कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस ने अयोध्या से संबंधित मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले की पृष्ठभूमि में गुरुवार को भाजपा पर आस्था के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया. उसने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी के ‘मुंह में राम और दिल में नाथूराम’ है।
पार्टी प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस का सदैव मत रहा है कि हम राममंदिर-बाबरी मस्जिद मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करेंगे। सरकार से भी आशा की जाती है कि वह निर्णय को लागू करायेगी।
उन्होंने कहा कि दुख की बात यह है कि भाजपा पिछले 30 साल से राजनीति कर रही है। भाजपा वो पार्टी है, जिसके मुंह में राम और दिल में नाथूराम है। वह हर चुनाव से पहले भगवान राम के नाम पर वोट लेती है, फिर सत्ता में आने पर कैकेयी की तरह भगवान राम को वनवास भेज देती है। प्रियंका ने कहा कि इन अधर्मी लोगों ने भगवान शंकर के भक्ति पर भी सवाल खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि और आज जब राहुल गांधी ने चित्रकूट से यात्रा की शुरुआत की, तो भाजपा के लोगों में छटपटाहट दिख रही है। भाजपा के लोगों से आग्रह है कि वे ईश्वर की भक्ति में बाधा नहीं डाले. हम प्रार्थना करते हैं कि भाजपा को भगवान सद्बुद्धि कि वह आस्था पर राजनीति नहीं करे।
