अमित शाह बोले ‘पाक एयर स्ट्राइक में 250 मरे’, विपक्ष ने लताड़ा

अमित शाह बोले ‘पाक एयर स्ट्राइक में 250 मरे’, विपक्ष ने लताड़ा

नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना द्वारा पाकिस्तान की सरहद में घुसकर की गयी एयर स्ट्राइक में कितने आतंकी मारे गए, इस बारे में सेना ने कोई आंकड़ा जारी नहीं किया है लेकिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अहमदाबाद की एक सभा में कहा कि सरहद पार भारतीय वायुसेना द्वारा किये गए एयर स्ट्राइक में 250 आतंकी मारे गए। शाह के इस बयान पर विपक्ष ने उनकी घेराबंदी करते हुए सवाल उठाये हैं।

अमित शाह के बयान पर कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल और मनीष तिवारी ने सवाल खड़े किये हैं। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने ट्वीट कर कहा कि “जब वायुसेना के अधिकारियों ने किसी भी तरह के आंकड़े को बताने से इनकार किया था, तो फिर अमित शाह इस तरह का बयान क्यों दे रहे हैं. क्या ये एयरस्ट्राइक को राजनीति से जोड़ना नहीं हुआ।”

वहीँ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने अपने ट्वीट में कई अंतर्राष्ट्रीय मीडिया के नामो का उल्लेख करते हुए कहा कि “दुनिया के कई अखबार कह रहे हैं बालाकोट में कुछ नहीं हुआ, तो क्या वह पाकिस्तान समर्थक हैं?”

अमित शाह के बयान पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि “क्या अमित शाह के मुताबिक़ सेना झूठ बोल रही है? सेना ने साफ़ साफ़ कहा है कि कोई मरा या नहीं मरा या कितने मरे, ये नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि अपने चुनावी फ़ायदे के लिए क्या अमित शाह और भाजपा सेना को झूठा बोल रहे हैं?देश को सेना पर भरोसा है। क्या अमित शाह और भाजपा को सेना पर भरोसा नहीं?”

गौरतलब है कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात के अहमदाबाद में कहा था कि “पुलवामा आतंकी हमले के बाद हर किसी को लगता था कि इस बार सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हो सकती है, लेकिन क्या हुआ? पुलवामा आतंकी हमले के 13वें दिन की गई मोदी सरकार की एयरस्ट्राइक में 250 से अधिक आतंकी मारे गए हैं।”

TeamDigital