अब से कुछ देर में हो जाएगी चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग

अब से कुछ देर में हो जाएगी चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग

नई दिल्ली। इसरो का दूसरा मून मिशन चंद्रयान-2 आज यानी 22 जुलाई को दोपहर 2.43 बजे रॉकेट GSLV-MK3 से लॉन्च किया जाएगा। इससे पहले इसरो द्वारा की गयी चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग की रिहर्सल सफल रही और इसका काउंटडाउन रविवार शाम 6:43 बजे से शुरू हो गया है।

15 जुलाई को लॉन्चिंग टाले जाने के बाद इसरो ने इसके लिए 22 जुलाई को दोपहर 2:43 बजे का वक्त तय किया था। इससे पहले 15 तारीख को क्रायोजेनिक इंजन में लीकेज के चलते लॉन्चिंग को कुछ वक्त पहले ही स्थगित कर दिया गया था।

इसरो चीफ के सिवान ने बताया, ‘चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले प्रयास जो तकनीकी खामी आई थी, उसे भी दूर कर लिया गया है।’ इसरो के पूर्व चीफ ए.एस किरण कुमार ने कहा कि इस तरह के किसी भी अभियान से पहले हम कई स्तरों पर टेस्टिंग करते हैं। पिछली बार हमें एक खामी मिली थी और इससे पार पा लिया गया है। अब हम चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग के लिए तैयार हैं।

उन्होंने बताया कि चंद्रयान 22 जुलाई को लॉन्च होगा और 14 अगस्त से हम चंद्रमा के लिए यात्रा शुरू करेंगे। इसके बाद 6 सितंबर तक मून पर लैंडिंग होगी। सभी ऐक्टिविटीज अच्छे से चल रही हैं। इससे पहले शनिवार दोपहर को इसरो ने बताया कि चंद्रयान-2 को ले जाने वाले जीएसएलवी मार्क III-एम 1 की लॉन्च रिहर्सल पूरी हो गई है और परफॉर्मेंस नॉर्मल है।

क्या है चंद्रयान -2 :

चंद्रयान-2 को भारत के सबसे ताकतवर जीएसएलवी मार्क-III रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा। इस रॉकेट में तीन मॉड्यूल ऑर्बिटर, लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) होंगे। इस मिशन के तहत इसरो चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर को उतारेगा। इस बार चंद्रयान-2 का वजन 3,877 किलो होगा। यह चंद्रयान-1 मिशन (1380 किलो) से करीब तीन गुना ज्यादा है। लैंडर के अंदर मौजूद रोवर की रफ्तार 1 सेमी प्रति सेकंड रहेगी।

चंद्रयान-2 वास्तव में चंद्रयान-1 मिशन का ही नया संस्करण है। इसमें ऑर्बिटर, लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) शामिल हैं। चंद्रयान-1 में सिर्फ ऑर्बिटर था, जो चंद्रमा की कक्षा में घूमता था। चंद्रयान-2 के जरिए भारत पहली बार चांद की सतह पर लैंडर उतारेगा। यह लैंडिंग चांद के दक्षिणी ध्रुव पर होगी। इसके साथ ही भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर यान उतारने वाला पहला देश बन जाएगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital