अब शिवसेना ने भी कहा “बीजेपी को नहीं मिल रहा बहुमत”

अब शिवसेना ने भी कहा “बीजेपी को नहीं मिल रहा बहुमत”

मुंबई। बीजेपी की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता बनाने के लिए पर्याप्त सीटें नहीं मिल रहीं। बहुमत के लिए उसे सहयोगी दलों पर ही निर्भर रहना पड़ेगा।

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि भाजपा के लिए 280 सीट के आंकड़े पर पहुंच पाना ‘‘थोड़ा मुश्किल” दिख रहा है जैसा कि वह 2014 के चुनावों में कर पाई थी।

राउत ने एक टीवी चैनल से कहा, “राम माधव ने जो कहा वह सही है। राजग अगली सरकार बनाएगी। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी होगी। फिलहाल, भाजपा के लिए अपने दम पर 280-282 के आंकड़े तक पहुंच पाना मुश्किल दिख रहा है लेकिन हमारा राजग “परिवार” बहुमत के आंकड़े को पार कर जाएगा।”

राउत ने कहा कि अगर नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनते हैं तो शिवसेना को खुशी होगी। राउत ने कहा, “मैं राम माधव के बयान का स्वागत करता हूं और शिवसेना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा होगी। हमें खुशी होगी अगर मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनते हैं।”

गौरतलब है कि बीजेपी नेता राम माधव ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि लोकसभा चुनाव में इस बार बीजेपी का प्रदर्शन 2014 जैसा रहने की संभावनाएं नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “लोकसभा चुनावों के बाद भाजपा को अगली सरकार बनाने के लिए सहयोगियों के समर्थन की जरूरत होगी। अगर हम अपने दम पर 271 सीटें ला पाएं तो हम बहुत खुश होंगे। राजग के साथ हम आसानी से बहुमत हासिल करेंगे।”

इससे पहले बीजेपी सांसद सुब्रमणियम स्वामी भी कुछ इसी तरह का बयान दे चुके हैं। स्वामी ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी 220 सीटों तक निपट जायेगी और उसे एनडीए के घटक दलों के अलावा भी अन्य दलों से समर्थन जुटाना पड़ेगा। ऐसे में बीजू जनता दल और बहुजन समाज पार्टी बीजेपी को समर्थन कर सकते हैं।

TeamDigital