अब मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव, काले झंडे

अब मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव, काले झंडे

भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावो के मद्देनज़र जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले पर चुरहट में पथराव और सिधि में काले झंडे दिखाए गए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पथराव की घटना के बाद आरोप लगाया कि पथराव की घटना में स्थानीय कांग्रेस के कार्यकर्त्ता शामिल थे। राज्य के गृहमंत्री भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश रची जा रही है।

पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिफ्तार किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का आरोप है कि गिरफ्तार लोगों में आठ कांग्रेस के कार्यकर्त्ता हैं। गृहमंत्री ने कहा कि इस घटना के बाद सीएम की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है. वहीं इस घटना के अंजाम देने वाले सरगना को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के काफिले पर पत्थर फेंके जाने की घटना उस समय हुई जब वे रविवार देर शाम जनआशीर्वाद यात्रा लेकर मध्य प्रदेश के चुरहट पहुंचे थे। जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान शिवराज सिंह के रथ पर अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंक दिया।

हालाँकि इस घटना में किसी को भी चोट तो नहीं लगी, लेकिन जिस रथ में शिवराज सिंह चौहान सवार थे उस रथ के शीशे अवश्य चटक गए। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावो के मद्देनज़र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह राज्य में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा के लिए विशेष तौर पर एक रथ तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह इसी रथ में सवार होकर यात्रा में शामिल होते हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital