अपने इस मास्टर प्लान से कांग्रेस करेगी गुजरात फतह
नई दिल्ली। गुजरात में होने जा रहे विधानसभा चुनावो को लेकर सत्ताधारी बीजेपी और मुख्य विपक्षी कांग्रेस के बीच जोर आजमाइश शुरू हो चुकी है। दोनो ही पार्टियां चुनाव प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। भारतीय जनता पार्टी ने आज से महासम्पर्क अभियान शुरू किया है। बीजेपी का महासम्पर्क अभियान7 नवंबर से 12 नवंबर तक चलेगा।
गुजरात में सत्ता में वापसी के लिए बीजेपी अपनी पूरी ताकत झौंकने की तैयारी कर चुकी है। इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुल 33 जिलों वाले गुजरात में स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 50 जनसभाएं करेंगे।
इतना ही नहीं बीजेपी ने गुजरात में पार्टी नेताओं से लेकर मंत्रियों और प्रदेश के मुख्यमंत्रियों तक को ज़िम्मेदारियाँ सौंप दी हैं। पार्टी सूत्रों की माने तो 9 नवंबर को हिमाचल प्रदेश का चुनाव सम्पन्न होने के बाद बीजेपी गुजरात में एक बड़ी टीम उतारने जा रही है।
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, रेल एवं कोयला मंत्री पीयूष गोयल, संस्कृति मंत्री महेश शर्मा, जल संसाधन मंत्री उमा भारती, एचआरडी मिनिस्टर प्रकाश जावड़ेकर आदि को गुजरात चुनाव में अहम ज़िम्मेदारी दी गयी है।
वहीँ राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी शामिल किया गया है। उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह आदि गुजरात में रहेंगे।
वहीँ दूसरी तरफ गुजरात के प्रभारी अशोक गहलोत लगातार गुजरात में कैम्प कर रहे हैं तथा 19 नवंबर के बाद कांग्रेस गुजरात चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झौंक देगी। गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए गुजरात कांग्रेस से जुड़े नेताओं अहमद पटेल, शक्ति सिंह गोहिल, भरत सिंह सोलंकी,सिद्धार्थ पटेल और अर्जुन मोडवाडिया को चुनाव प्रवंधन की बड़ी ज़िम्मेदारी दी है। गुजरात कांग्रेस के नेता प्रचार अभियान के दौरान नेताओं के कार्यक्रम तय करने के अलावा रोज़ाना अलग अलग इलाको में प्रेस ब्रीफिंग करेंगे।
पार्टी सूत्रों की माने तो इस बार कांग्रेस ने अपनी रणनीति में परिवर्तन किया है। कांग्रेस ने अपनी प्रचार टीम को तीन श्रेणी में रखा है। पहली श्रेणी में स्टार प्रचारक होंगे जो बड़ी सभाओं को सम्बोधित करेंगे। दूसरी श्रेणी की टीम में कुछ कांग्रेस नेता शहरी इलाको में नुक्क्ड़ सभाएं सम्बोधित करेंगे वहीँ तीसरी श्रेणी में कांग्रेस नेताओं की एक टीम देहात के इलाको सभाओं को सम्बोधित करेगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार जिन इलाको का कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी दौरा कर चुके हैं वहां कांग्रेस नेताओं को लगातार छोटी बड़ी सभाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार शहरी इलाको में नुक्क्ड़ सभाएं सम्बोधित करने के लिए कपिल सिब्बल, संजय निरुपम, नगमा मोरारजी, राज बब्बर, गुलाम नबी आज़ाद, अजय माकन, सुशील कुमार शिंदे और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह को ज़िम्मेदारी दी गयी है।
वहीँ गाँव देहात के इलाको में ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, जयराम रमेश, कुमारी शैलजा आदि नेता प्रचार की कमान संभालेंगे। पार्टी सूत्रों की माने तो विपक्ष की एकता का सन्देश देने के लिए गुजरात में जदयू नेता शरद यादव, कम्युनिस्ट नेता सीताराम येचुरी, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की भी सभाएं आयोजित करने पर विचार चल रहा है।
सूत्रों ने कहा कि पार्टी ने कांग्रेस के सभी महासचिवों और सचिव स्तर के नेताओं को 19 नवंबर से गुजरात में कैम्प करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा हर विधानसभा में अन्य राज्यों के विधायकों, पूर्व विधायकों को तैनात किया जायेगा।
सूत्रों ने कहा कि 19 नवंबर से कांग्रेस और अधिक आक्रामक तौर पर प्रचार करेगी। इतना ही नहीं ज़मीनी स्तर पर बीजेपी को चित करने के लिए प्रत्येक जिला मुख्यालयों पर प्रेस ब्रीफिंग कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे।
