अपनी ही सरकार के ताबूत में कील ठोंक रहे यशवंत सिन्हा के समर्थन में आये बीजेपी के शत्रु

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में किसानो की मांगो के समर्थन में बीजेपी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का भी साथ मिला है। इससे पहले कल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी यशवंत सिन्हा के साथ होने की बात कही थी।
यशवंत सिन्हा का समर्थन करते हुए बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि जो मुद्दा यशवंत सिन्हा ने उठाया है, उसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यशवंत सिन्हा बहुत कद्दावर नेता हैं। वह जब किसी मुद्दे पर जाते हैं तो पूरी जानकारी और समझदारी के साथ जाते हैं। जैसा कि उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी के बारे में कहा था। वह भी एसलिए की उनकी बातों में सत्य था और तथ्य था।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि अभी यशवंत सिन्हा ने जो मुद्दा उठाया है वह राजनीतिक मुद्दा नहीं है। वह किसानों का मुद्दा है। यह घर-घर का मुद्दा हैं। यशवंत सिन्हा जी की मांग है वह हम तमाम लोगों की भी मांग है. इसका वोटबैंक से लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि यशवंत सिन्हा जैसे नेता जिन्हें आप गिरफ्तार करते हैं. बाद में छोड़ देते हैं। वह उपहास के पात्र नहीं हैं।
एनडीटीवी से बात करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यशवंत सिन्हा जी से मेरी पिछले तीन दिनों से रोजाना बात हो रही है। मैंने उनसे मिलने जाने वाला था, लेकिन नहीं जा पाया। मैं यशवंत सिन्हा की मांग का पूरी तरह से समर्थन करता हूं। किसानों की समस्या का समाधान जल्द से जल्द होना चाहिए।
इससे पहले यशवंत सिन्हा को किसानो की मांगो के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया गया था। उन्हें पुलिस हेड क्वार्टर ले जाया गया था,उन्हें बाद में रिहा कर दिया गया था। लेकिन यशवंत सिन्हा ने वहीँ धरना शुरू कर दिया और वहां से जाने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं यशवंत सिन्हा ने वहीँ रात गुजारी।