अटल के निधन पर बीजेपी की राजनैतिक कलाबाजियों से नाराज़ हैं उनकी भतीजी

अटल के निधन पर बीजेपी की राजनैतिक कलाबाजियों से नाराज़ हैं उनकी भतीजी

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटक बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला का कहना है कि जब बीजेपी को उसकी नैया डूबती दिखाई दे रही है तो उसे वाजपेयी की याद आयी है। देश के 29 राज्यों में बीजेपी द्वारा निकाली जा रही अस्थि कलश यात्रा पर करुणा शुक्ला ने नाराज़गी जताई है।

दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला का कहना है कि पिछले 10 सालों से वाजपेयी को पूरे परिदृश्य से गायब कर दिया गया था। इस दौरान जो चुनाव हुए उनमें उनका नाम लेना तो दूर, पोस्टर बैनर में उनकी तस्वीर तक को जगह नहीं दी गई।

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नया रायपुर से लेकर विश्वविद्यालय का नाम अटल बिहारी वाजपेयी रखने पर कहा कि अब से पहले 10 साल तक कितनी बार उन्होंने अटल को याद किया। प्रदेश की जनता यह आडंबर समझती है। अटलजी की प्रतिमाएं लगाने का मकसद केवल वोट की राजनीति है।

उन्होंने कहा कि अटल के जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा, राजीव और सोनिया गांधी तक से आत्मीय संबंध थे लेकिन आज भाजपा मानवीय संबंधों का सम्मान करना भूल चुकी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण लाल कृष्ण आडवाणी का पार्टी में हो रहा अपमान है।’

करुणा शुक्ला ने कहा कि बीजेपी केवल सियासी फायदे के लिए चेहरे बदलती आयी है। उन्होंने कहा कि फायदा हासिल होने के बाद बीजेपी अपने नेताओं को पलटकर नहीं देखती। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी के उदाहरण जनता के सामने हैं।

TeamDigital