अच्छे दिन : आज से महंगी हो रही हैं स्टेट बैंक की ये सेवाएं

नई दिल्ली। अच्छे दिन की आस लगाए बैठे आम आदमी को एक बड़ा झटका मिला है। यदि आपका भारतीय स्टेट बैंक में अकाउंट है तो संभल जाइये। आज से स्टेट बैंक अपनी कुछ चुनिंदा सेवाएं महंगी करने जा रहा है।

एसबीआई बेसिक सेविंग डिपॉजिट पर भी अकाउंट होल्डर के लिए सर्विस चार्ज के नियमों में बदलाव करने जा रहा है। इसमें फ्री कैश निकासी की लिमिट 4 ही रहेगी। इसमें एटीएम से किए गए ट्रांजैक्शन भी शामिल होंगे। अगर आप 4 बार से ज्यादा कैश विदड्रॉल करते हैं तो आपको प्रति ट्रांजैक्शन 20 रुपए देने होंगे। इस पर अलग से सर्विस चार्ज भी लिया जाएगा।

बैंक के परिवर्तित नियमो के अनुसार अब एसबीआई से जुड़ी कुछ सेवाओं के लिए ज्यादा पैसों का भुगतान करना पड़ सकता है। 1 जून से अगर आप कटे-फटे या फिर गले हुए नोटों को बदलवाएंगे तो एसबीआई आपसे इसके लिए 2 से लेकर 5 रुपए तक का शुल्क वसूलेगा।

हालांकि यह शुल्क आपसे उस सूरत में वसूला जाएगा जब आपकी ओर से बदले जाने वाले नोटों की संख्या 20 से ज्यादा या फिर उनकी कीमत 5000 रुपए से अधिक होगी। यानी आप अगर इससे कम सीमा में नोट बदलवाएंगे तो बैंक आपसे कोई शुल्क नहीं वसूलेगा।

नए नियमों के मुताबिक एसबीआई के एटीएम से अतिरिक्त लेनदेन पर आपको 10 रुपए देने होंगे। अगर आप दूसरे बैंक के एटीएम से एक्स्ट्रा ट्रांजैक्शन करते हैं तो आपको इसके लिए हर ट्रांजैक्शन पर 20 रुपए का चार्ज देना होगा। इस पर सर्विस चार्ज भी लिया जाएगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital