तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता को हार्ट अटैक, हालत नाजुक
चेन्नई । तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता को दिल का दौरा पड़ा है और उनकी हालत नाजुक बताई जाती है। उन्हें डॉक्टरों की एक टीम देख रही है। 68 वर्षीय जयललिता को रविवार को शाम को ही दिल का दौरा पड़ा। लेकिन इस बात की खबर अस्पताल ने रात में दी।
उल्लेखनीय है कि जयललिता करीब तीन महीने से बीमार चल रही हैं। उन्हें कमजोरी और बुखार से पीड़ित होने के बाद विगत 22 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से उनका इलाज अपोलो अस्पताल में ही चल रहा है।
इससे पूर्व रविवार को दिन में ही सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने बयान जारी कर बताया कि जयललिता जल्द घर लौटेंगीं। उन्हें एम्स के विशेषज्ञों की एक टीम ने जांच के बाद पूरी तरह से स्वस्थ बताया है।
एम्स के डाक्टरों ने जयललिता की जांच विगत शनिवार को की थी। उनका कहना था कि वह पूरी तरह से ठीक हो चुकी हैं। जयललिता की कुशलक्षेम जानने के लिए अस्पताल के बाहर अन्नाद्रमुक के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया है।
