नोट बंदी पर आज देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली । केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा देशभर में लागू की गयी एक हज़ार और पांच सौ रुपये की नोटबंदी के विरोध में आज देशभर में विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं। कांग्रेस आज नोटबंदी से आम आदमी को हो रही परेशानियों के विरोध जन आक्रोश दिवस मना रही है ।
नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू और ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने भी भारत बंद से खुद को अलग रखा है लेकिन ममता बनर्जी की पार्टी नोट बंदी के विरोध में विरोध प्रदर्शन आयोजित कर रही है । हालांकि वाम दलों ने भारत बंद का समर्थन किया है और केरल, त्रिपुरा, बंगाल और बिहार जैसे राज्यों में यह दल विरोध-प्रदर्शन कर रहा है। दूसरी ओर कई विपक्षी पार्टियां भी अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन कर रही है।
वाम दलों का विभिन्न राज्यों में प्रदर्शन
वाम दलों ने पश्चिम बंगाल में 12 घंटे का बंद बुलाया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, अभी तक कोई बड़ी घटना नहीं हुई है हालांकि जिलों से छिटपुट घटनाओं की खबर है। बंगाल के अलावा त्रिपुरा, केरल और बिहार के कई जगहों से वाम दलों की प्रदर्शन की खबरें है। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंद का विरोध किया है। उन्होंने कहा, सोमवार को हम नोटबंदी के खिलाफ विरोध मार्च निकालेंगे। टीएमसी का कहना है कि जब लोग पहले ही नगदी की कमी के कारण कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं ऐसे में वह उन्हें और तकलीफ देने के खिलाफ है।
राजद-कांग्रेस का मार्च शुरू, वाम का बिहार बंद
नोटबंदी के खिलाफ वामदलों ने सोमवार को बिहार बंद बुलाया। इसका असर आज सुबह पटना के डाकबंगला चौराहे से एआईटीयूसी के कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान तक मार्च निकालकर देखने को मिला। वहीं, तारेगना स्टेशन पर ट्रेन को रोक बंद के समर्थकों ने अपना रोष जताया। एआई एस एफ और जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पटना में राजेंद्रनगर टर्मिनल पर ट्रेन को रोकी। सीतामढ़ी में बंदी को लेकर कांग्रेसी सड़क पर उतर विरोध जताते नजर आए।
नोटबंदी के पक्ष में नीतीश
जेडीयू ने आज विपक्षी पार्टियों की ओर से किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन और 30 नवंबर को पटना में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से दिए जाने वाले धरने में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। जेडीयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नोटबंदी का स्वागत किया है। ओड़िशा में सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) भी विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं लेगा। पार्टी के प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने नोटबंदी के फैसले का समर्थन किया है।
कांग्रेस मना रही जन आक्रोश दिवस
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने रविवार को स्पष्ट किया कि भारत बंद का आयोजन कांग्रेस ने नहीं किया है और उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस संबंध में गलत जानकारी फैला रही है। नोटबंदी के खिलाफ विपक्षी पार्टियां जन आक्रोश दिवस मनाएंगी। उन्होंने कहा कि नौ नवंबर से आर्थिक गतिविधियां ठहर गयी हैं।
