लालू बोले ‘बीजेपी को बिहार की तरह यूपी से भी खदेड़ देंगे’
लखनऊ । लखनऊ में समाजवादी पार्टी का रजत जयंती समारोह जारी है। गैरभाजपाई और गैरकांग्रेसी नेताओं को एक मंच पर लाने की मुलायम की कवायद सही रास्ते पर जाती मालूम हो रही है। समारोह को संबोधित करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि हम बीजेपी को बिहार की तरह यूपी से भी खदेड़ देंगे ।
लालू ने कहा कि क्या हुआ 56 इंच के सीने का? आप अभी तक जम्मू-कश्मीर की स्थिति को नियंत्रण में नहीं कर पायें हैं क्योंकि यह आपके बस की बात नहीं है ।
लालू यादव ने कहा कि आज इस स्थान पर समान विचारधारा के लोग एकजुट हुए हैं और जब हम आपस में मिलजुलकर बैठेंगे, तभी ना महागठबंधन पर बात संभव है।
लालू यादव ने अपने निराले अंदाज में केंद्र सरकार पर हमला बोला और कहा कि उन्होंने देश को आपातकाल की अोर धकेल दिया है। लालू ने कहा कि देश में बेरोजगारी की समस्या भयावह हो गयी है। लेकिन सरकार इनपर नियंत्रण करने की बजाय टीवी चैनलों पर अंकुश लगा रही है।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कहा, हम यहां सपा के सिल्वर जुबली इवेंट में हिस्सा लेने आए हैं। फिलहाल तक गठबंधन की कोई बात नहीं हुई है। जेडीयू नेता शरद यादव ने कहा, महागठबंधन को लेकर अभी कोई बात नहीं हुई है। आगे क्या होगा देखते हैं।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के कहने पर प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव गैर भाजपाई व गैरकांग्रेसी नेताओं को इस आयोजन में लाने की कवायद कई दिनों से कर रहे हैं। मुलायम की कोशिश है कि सभी समाजवादी पार्टियों को एक छतरी के नीचे लाया जाए और यूपी के चुनाव में भाजपा के खिलाफ मजबूत गठजोड़ पेश किया जाए।
सूत्र बता रहे हैं कि इन दलों के नेता सपा के आंतरिक घमासान शांत होने के इंतजार में हैं। बताया जा रहा है कि ज्यादातर नेता चाहते हैं कि सपा पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को औपचारिक तौर पर गठबंधन का नेता तय कर दे, तभी गठजोड़ करना उचित होगा।
