केरल मेडिकल कॉलेज ने जींस, टी-शर्ट पर लगाया बैन
तिरुवंतपुरम। तिरुवंतपुरम गर्वनेंट मेडिकल कॉलेज ने एमबीबीएस के स्टूडेंट्स के लिए जींस, टी-शर्ट और लेगिंग पहनना बैन कर दिया है। साथ ही कॉलेज कैंपस में सफेद ओवरकोट पहनना और हर वक्त अपना आई कार्ड डिस्प्ले करना भी अनिवार्य कर दिया है।
मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों का कहना है कि इस ड्रेस कोड का मकसद वॉर्ड में जाने वाले छात्रों को किसी भी तरह से संक्रमण से सुरक्षित रखना है। साथ ही लड़कियों को आवारा लड़कों और शोहदों से बचाना है।
मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने छात्रों को जहां फॉर्मल कपड़े और जूते पहनने के लिए कहा गया है। वहीं, छात्राओं के लिए तो कई तरह के निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार छात्राएं अब सिर्फ साड़ी या चूड़ीदार पहन सकेंगी तथा बालों में किसी तरह का हेयरस्टाइल की मनाही होगी और वे सिर्फ सिंपल जूड़ा बनाएंगी तथा उनके भड़कीले जेवरों पर भी पाबंदी होगी ।
कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल ने एक सर्कुलर जारी कर ड्रेस कोड के बारे में सूचित किया है। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ थॉमस मैथ्यू का कहना है, ‘कॉलेज में ड्रेस कोड कोई नई बात नहीं है। लेकिन सालों से स्टूडेंट्स इसका पालन नहीं कर रहे थे। अब हमने इसे अनिवार्य करने का फैसला किया है।’
मेडिकल कॉलेज के इस ड्रेस कोड का विरोध भी शुरू हो गया है। कॉन्फेडरेशन ऑफ मेडिकल कॉलेज डॉक्टर्स के संतोष कुमार का कहना है, ‘संस्थान का अपना ड्रेस कोड हो सकता है। लेकिन इसमें काफी विसंगतियां है। जींस में क्या बुराई है? हमारे जैसे मल्टीकल्चरल देश में हमें विस्तृत होने की जरूरत है। अगर कोई ड्रेस कोड है भी तो उसे तर्कसंगत होना चाहिए।’
