फतेहपुर मकबरे की तोड़फोड़ में शामिल सपा नेता को पार्टी ने निकाला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में सपा के वरिष्ठ नेता पप्पू सिंह चौहान को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पप्पू सिंह चौहान सोमवार को फतेहपुर में मकबरे में तोड़फोड़ करने वाली भीड़ में शामिल थे। शिकायत मिलने के बाद सपा ने यह कार्रवाई की है।
फतेहपुर के सपा जिलाध्यक्ष सरेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की है। उनका कहना है कि पप्पू सिंह चौहान पुत्र अभिमन्यु सिंह गांव रहिमालन का पुरवा पोस्ट जमरांवा हुसेनगंज तहसील जिला फतेहपुर के रहने वाले हैं। उन पर पार्टी विरोध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे हैं। पार्टी कमेटी की जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया है।
फतेहपुर के कई सपा नेताओं का कहना है कि पप्पू सिंह चौहान मंगलवार को मकबरे में तोड़फोड़ करने वाली भीड़ में शामिल थे। कई स्थानीय लोगों ने उनकी पहचान की थी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कई वीडियो में भी पप्पू सिंह तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं। जिसके बाद सपा हाईकमान में मामले को संज्ञान में लिया और उन पर कार्रवाई की है।
