दिल्ली-NCR में जमकर हुई बारिश, सरकार के दावों की खुली पोल, कई जगह जल भराव

दिल्ली-NCR में जमकर हुई बारिश, सरकार के दावों की खुली पोल, कई जगह जल भराव

नई दिल्ली। दिल्ली और आसपास के इलाको में रुक रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। राजधानी दिल्ली के कई इलाको में पानी भरने से न सिर्फ ट्रैफिक पर असर पड़ा है बल्कि जल भराव से लोगों को काफी दिक्क्तें भी आ रही हैं।

मानसूनी बारिश ने दिल्ली बीजेपी के उन दावों की पोल भी खोल दी है जिसमे कहा गया था कि दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार के कारण कहीं जल भराव नहीं होगा।

एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार तड़के हुई बारिश के बाद मथुरा रोड पर जलभराव देखा गया, साथ ही भारत मंडपम के गेट नंबर 7 पर भी पानी भर गया। वहीं, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में जलभराव देखा जा रहा है।

दिल्ली में भारी बारिश का असर परिवार और हवाई सेवाओं पर असर पर पड़ा है। दिल्ली में बारिश से उड़ान संचालन भी प्रभावित हुआ है। फ्लाइटराडार के आंकड़ों के अनुसार, लगभग 90 उड़ानें लेट हुईं और चार रद्द कर दी गईं।दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे की ओर से जारी एक परामर्श में कहा गया है कि आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में मौसम खराब है। इसलिए यात्रियो को सलाह दी जाती है कि वे अपडेट लेकर ही घर से निकलें।

शनिवार के लिए मौसम विभाग ने पूरी दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के लिए, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में गरज और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा के लिए, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मध्यम से भारी वर्षा और गरज के साथ बौछारों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर अपेक्षित वर्षा की जानकारी देते हुए पोस्ट किया कि दिल्ली और एनसीआर के अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा के साथ मध्यम गरज और बिजली गिरने की संभावना है।

गोहाना, सोनीपत, रोहतक, सोहाना, पलवल, नूंह, औरंगाबाद और अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ हल्की गरज और बिजली गिरने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

TeamDigital