लोकसभा में 28 और राज्य सभा में 29 जुलाई को होगी ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा
नई दिल्ली। सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की विपक्ष की मांग को स्वीकार कर लिया है। ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार लोकसभा में 28 जुलाई और राज्य सभा में 29 जुलाई को चर्चा कराने के लिए तैयार है। जानकारी के मुताबिक, दोनों सदनों में बहस के लिए 16-16 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
इस बीच ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बार-बार किए गए “संघर्ष विराम” के दावों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी के लिए उन पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि वास्तविकता से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता, तथा पूरी दुनिया जानती है कि ट्रम्प ने भारत और पाकिस्तान के बीच “युद्धविराम” की घोषणा की है।गांधी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “प्रधानमंत्री कैसे बयान दे सकते हैं? क्या बोलेंगे पीएम, कि ट्रंप ने घोषणा की है? वह यह नहीं कह सकते, लेकिन यह सच है। पूरी दुनिया जानती है कि ट्रंप ने संघर्ष विराम की घोषणा की है। हम वास्तविकता से मुंह नहीं मोड़ सकते।”
उन्होंने कहा, “यह केवल युद्धविराम की बात नहीं है। रक्षा, रक्षा विनिर्माण और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े कई बड़े मुद्दे हैं जिन पर हम चर्चा करना चाहेंगे। स्थिति सामान्य नहीं है; पूरा देश जानता है।”अपने हमले को तेज करते हुए गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ट्रम्प के युद्ध विराम के दावों पर एक भी प्रतिक्रिया नहीं दे पाए हैं, जिसे उन्होंने अब तक 25 बार दोहराया है।
कांग्रेस सांसद ने कहा, “जो लोग खुद को ‘देशभक्त’ कहते हैं, वे भाग गए हैं। प्रधानमंत्री एक भी बयान नहीं दे पा रहे हैं। ट्रंप 25 बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने संघर्ष विराम की घोषणा की है। वह कौन हैं? यह उनका काम नहीं है। हालांकि, प्रधानमंत्री ने एक बार भी जवाब नहीं दिया। यह हकीकत है। इससे मुंह नहीं मोड़ा जा सकता।”
गांधी ने कहा, “उन्होंने हमारी विदेश नीति को नष्ट कर दिया है। आप उंगलियों पर गिन भी नहीं सकते कि कितने देशों ने हमारा समर्थन किया है। किसी ने भी हमारा समर्थन नहीं किया है।”यह बयान डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हाल ही में दिए गए एक बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने व्यापार सौदों के नाम पर “भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने” के अपने दावे को दोहराया था।
बता दें कि संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई को शुरू हुआ था। पिछले 3 दिनों से विपक्ष ऑपरेशन सिंदूर, बिहार वोटर वेरिफिकेशन जैसे मुद्दों पर हंगामा कर रहा है। तीन दिनों में दोनों सदनों में लगातार एक आधे घंटे भी कार्यवाही नहीं चल सकी है।
