आज शाम को होगी इंडिया गठबंधन की ऑनलाइन बैठक, ये है एजेंडा
नई दिल्ली। मानसून सत्र से पहले आज इंडिया गठबंधन की बैठक होने जा रही है। यह बैठक ऑनलाइन होगी और इसमें इंडिया गठबंधन के लगभग सभी घटक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहने की उम्मीद है।
बता दें कि संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से आरंभ हो रहा है और 21 अगस्त कुल 21 बैठकें प्रस्तावित हैं। ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की बैठक लंबे समय बाद हो रही है।
पहले तृणमूल कांग्रेस को लेकर चर्चाएं थीं कि वह इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होगी लेकिन अब बताया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस भी बैठक में शामिल हो रही है।
बैठक शाम सात बजे प्रस्तावित है। पहले यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास ‘10 राजाजी मार्ग’ पर होनी थी लेकिन कुछ प्रमुख नेताओं की दिल्ली में अनुपलब्धता के कारण यह बैठक डिजिटल माध्यम से बुलाई गई है।
इस बैठक से एक दिन पहले गठबंधन को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को ‘इंडिया’ गठबंधन से दूरी बनाते हुए कहा कि वह अब विपक्षी गठजोड़ का हिस्सा नहीं है और इसका नेतृत्व करने में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाया।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को कहा था कि मानसून सत्र के दौरान पहलगाम आतंकी हमले के हमलावरों के अब तक न्याय के कठघरे से बाहर रहने, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर कुछ रक्षा अधिकारियों के खुलासे, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्यस्थता संबंधी दावे और चीन के विषय पर कम से कम दो दिनों की चर्चा होनी चाहिए तथा इस मांग को लेकर कोई समझौता नहीं हो सकता।
रमेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में यह भी कहा था कि विपक्ष यह मांग भी करेगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में आकर इन विषयों पर जवाब दें। उन्होंने कहा कि संसद में गतिरोध टालना और कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी विपक्ष की नहीं, सरकार की है।
