सेनेटरी पैड पर बीजेपी का असली चेहरा हुआ उजागर: सागर सिंह तोमर
अलीगढ़। बिहार में कांग्रेस द्वारा महिलाओं को बांटे जाने वाले सेनेटरी पैड पर फ़र्ज़ी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किये जाने पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी नाराज़गी जताई है। कांग्रेस (एसी/एसटी विभाग) के प्रदेश महामंत्री सागर सिंह तोमर ने कहा कि बीजेपी झूठ फैलाने में माहिर है और इस पर कांग्रेस पार्टी को कड़ी कार्यवाही करनी चाहिए।
सागर सिंह तोमर ने कहा कि जिस तरह बीजेपी ने प्रोपेगंडा रचा, उससे साफ़ ज़ाहिर है कि बीजेपी महिला विरोधी है और महिला कल्याण के हर कदम को रोकना चाहती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सेनेटरी पैड पर फ़र्ज़ी तरीके से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की फोटो लगाई गई, उसकी जितनी निंदा की जाए उतना कम है।
उन्होंने कहा कि बिहार में करारी हार को सामने देख बीजेपी षड्यंत्र रच रही है लेकिन उसके मंसूबे पूरे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ है, बीजेपी इससे पहले भी फ़र्ज़ी ख़बरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पकड़ी गई है।
सागर सिंह तोमर ने इस मामले में यूथ कांग्रेस की तरफ से फाइल की गई पुलिस शिकायतों के लिए यूथ कांग्रेस का आभार जताते हुए कहा कि अब हम बीजेपी के किसी षड्यंत्र को सफल नहीं होने देंगे और उसकी हर हरकत पर तुरंत एक्शन लेंगे।
वहीँ बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मामले में प्रदेश महासचिव सागर सिंह तोमर ने कहा कि चुनावी राज्यों में चुनाव आयोग बीजेपी के बिचौलिए के रूप में कार्य कर रहा है लेकिन उसकी कोशिशें सफल नहीं होंगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में गैर बीजेपी दलों के वोट बैंक को शिथिल बनाने की कोशिश हो रही है। महाराष्ट्र की तर्ज पर बिहार में बीजेपी चुनाव आयोग के साथ मिलकर बड़ा खेल करना चाहती है लेकिन बिहार में महागठबंधन इतना सशक्त है कि वह चुनाव आयोग और बीजेपी की हर चाल को असफल कर देगा।
