ठाकरे की बीजेपी को खरी खरी: ठाकरे ब्रांड को नुकसान पहुंचाया तो गंभीर परिणाम होंगे

ठाकरे की बीजेपी को खरी खरी: ठाकरे ब्रांड को नुकसान पहुंचाया तो गंभीर परिणाम होंगे

मुंबई। महाराष्ट्र में ठाकरे ब्रदर्स में सुलह की अटकलों के बीच शिवसेना यूबीटी के चीफ उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान आया है।

गुरुवार (19 जून) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि नगर निगम चुनावों से पहले उनके राज ठाकरे की मनसे के साथ शिवसेना यूबीटी के गठबंधन की संभावना को बीजेपी विफल करने की कोशिश में लगी है।

बालासाहेब ठाकरे द्वारा बनाई गई अविभाजित शिवसेना के 59वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक रैली को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने बीजेपी को चेतावनी दे दी।

उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी ने ‘ठाकरे ब्रांड’ को नुकसान पहुंचाया तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

इतना ही नहीं, उद्धव ने कहा कि मराठी दलों के गठबंधन की संभावना को विफल करने के लिए होटलों और अन्य जगहों पर बैठकें की जा रही हैं। वे जाहिर तौर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ राज ठाकरे की फाइव स्टार होटल में हुई मुलाकात का जिक्र कर रहे थे।

उद्धव ठाकरे ने नाना पाटेकर अभिनीत फिल्म ‘प्रहार’ का संवाद दोहराते हुए कहा, ‘‘लोग जो चाहते हैं, वही होगा. हम देखेंगे कि यह कैसे किया जाता है। बीजेपी और एकनाथ शिंदे-नीत शिवसेना नहीं चाहतीं कि मराठी पार्टियां एकजुट हों। अगर आप ठाकरे ब्रांड को खत्म करने की कोशिश करेंगे, तो हम बीजेपी को खत्म कर देंगे। मैं तैयार हूं। मैं बीजेपी से कहना चाहता हूं- जब आप मुझे लेने आएं, अपने लिए एम्बुलेंस लेकर आएं।’

गौरतलब है कि मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में निकाय चुनाव के मद्देनजर दोनों ठाकरे चचेरे भाई गठबंधन कर सकते हैं। इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने यह भी कहा कि राज्य में हिंदी को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने मुंबई निकाय पर पार्टी का कब्जा बरकरार रहने का भरोसा जताते हुए कहा कि बीजेपी निकाय चुनावों की पूर्व संध्या पर मराठी और हिंदी भाषी लोगों के बीच विभाजन पैदा करना चाहती है।

उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि बीजेपी के पास अपनी कोई विरासत नहीं है और उसे सरदार वल्लभभाई पटेल की एक विशाल प्रतिमा स्थापित करनी पड़ी, जिन्होंने देश का गृह मंत्री रहते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर प्रतिबंध लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए मुंबई को अदाणी समूह को ‘मुफ्त’ में दे रही है।

TeamDigital