बेंगलुरु भगदड़ मामले में RCB के खिलाफ FIR, मृतकों को 10-10 लाख रूपये देगी RCB

बेंगलुरु भगदड़ मामले में RCB के खिलाफ FIR, मृतकों को 10-10 लाख रूपये देगी RCB

बेंगलुरु। बेंगलुरु में RCB के विजय जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत के मामले में बेंगलुरु पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर में मुख्य तौर पर आरसीबी, डीएनए (इवेंट मैनेजर) और केएससीए प्रशासनिक समितिको आरोपी बनाया गया है।

वहीँ इस मामले में कर्नाटक सरकार ने भगदड़ की मजिस्ट्रेट जांच की भी घोषणा की है। यह जांच बंगलौर सिटी जिले के डिप्टी कमिश्नर और जिला मजिस्ट्रेट द्वारा 15 दिनों के अंदर की जाएगी।

दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) फ्रेंचाइजी ने मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को 10 लाख रूपये देने का एलान किया है।

फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा है कि मृतकों के परिजनों को मुआवजे के अलावा इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए ‘आरसीबी केयर्स’ नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है। बुधवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

वहीँ भगदड़ में हुई मौतों को लेकर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा ने सिद्धारमैया सरकार पर बदइंतजामी का आरोप लगाया तो कांग्रेस ने भाजपा पर मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया है।

TeamDigital