शरद पवार और अजित गुट के एक होने की संभावनाएं खत्म
मुंबई। पिछले कुछ दिनों से इस तरह की ख़बरें आ रही थीं जिनसे लगता था कि जल्द ही शरद पवार और अजित पवार की एनसीपी एक हो जायेंगे लेकिन फ़िलहाल चाचा भतीजे के एक होने की संभावनाओं पर प्रश्न चिन्ह लग गया है।
अब खबर है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(एनसीपी) के स्थापना दिवस पर दोनों गुट अलग अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, 10 जून को एनसीपी अपना 26वां स्थापना दिवस मनाएगी। इस बार दो हिस्सों में बंटी पार्टी अलग-अलग मंच पर अपनी ताकत दिखाएंगी। एक मंच पर शरद पवार होंगे, तो दूसरे मंच पर अजीत पवार होंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार गुट की एनसीपी बालगंधर्व नाट्य मंदिर में स्थापना दिवस मनाएगी। वहीं, अजीत पवार का गुट बालेवाड़ी स्टेडियम में शक्ति प्रदर्शन करेगा।
गौरतलब है कि मई में शरद पवार ने संकेत दिया था कि दोनों गुट एक हो सकते हैं। साथ ही कहा था कि सुप्रिया सुले और अजीत पवार को मिलकर फैसला लेना चाहिए। लेकिन इसके कुछ ही दिनों बाद अजीत पवार ने अपने गुट की बैठक में साफ कर दिया कि फिलहाल विलय की कोई बातचीत नहीं चल रही है।
