तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने BJD के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा से शादी की
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस की तेज तर्रार सांसद कही जाने वाली महुआ मोइत्रा और बीजू जनता दल के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा के विवाह की खबर आई है। मीडिया में आई ख़बरों के मुताबिक, दोनों ने ये शादी 3 जून को जर्मनी में एक सादे समारोह में कुछ सगे-संबंधियों के बीच की।
हालाँकि अभी दोनों की तरफ कोई भी औपचारिक मुहर इस बात पर नहीं लगी है लेकिन शादी के जोड़े में दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।
इन्वेस्टमेंट बैंकर से राजनेता बनी महुआ मोइत्रा बंगाल के कृष्णानगर से सांसद हैं। इससे पहले वो तृणमूल कांग्रेस की विधायक भी रह चुकी हैं। महुआ मोइत्रा की ये दूसरी शादी है। इससे पहले वो डेनिश फाइनेंसर लार्स ब्रोसों से शादी से की थीं लेकिन निजी कारणों के चलते दोनों को एक दूसरे से अलग होना पड़ा था। बाद में खबर ये भी आई कि महुआ अब मशहूर वकील अनंत देहाद्रई के साथ रिश्ते में हैं, लेकिन बाद में इस रिश्ते में भी खटास आ गई।
वहीं, बीजेडी के नेता पिनाकी मिश्रा की बात करे तो वो पूरी से चार बार सांसद रह चुके हैं और वो पार्टी के बड़े नेताओं में गिने जाते है. वह पहली बार 1996 में सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2009 से 2019 तक सांसद रहे। पिनाकी मिश्रा, सुप्रीम कोर्ट के वकील भी हैं और कई हाई-प्रोफाइल मामलों को लड़ चुके हैं। बतौर राजनेता और वकील उनका करियर 3 दशक से ज्यादा का रहा है।
12 अक्टूबर 1974 को जन्मी महुआ भारत की लोकप्रिय महिला सांसदों में से एक हैं। वो सत्तापक्ष के प्रति अपने तीखे विचार रखने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने राजनीती में अपनी पारी की शुरुआत साल 2010 में की और लगातार दो बार साल 2019 और 2024 में संसद पहुंची. महुआ टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी की काफी करीबी मानी जाती हैं।
