विजय शाह मामले में SIT ने सुप्रीम कोर्ट को बंद लिफाफे में सौंपी रिपोर्ट
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर की ब्रीफिंग से चर्चा में आई कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की टिप्पणी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
सुप्रीम कोर्ट ने अपनी प्रतिक्रिया से इस मुद्दे पर राजनीति करने वालों को भी दो कड़ा जवाब दिया है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि इस मामले का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।
गौरतलब है कि इस मामले की सुनवाई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया था। आज एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट एक बंद लिफाफे में सौंप दी है।
वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि जांच अभी शुरुआती दौर में है और इसे पूरा करने में अभी कुछ और समय लगेगा।
इस मामले की जांच कर रही SIT के हेड सागर जोन के DIG प्रमोद वर्मा हैं, जबकि SSB के डीआईजी कल्याण चक्रवर्ती और डिंडोरी पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह इसकी सदस्य हैं। पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने एफआईआर पर रोक लगाने की मांग से इंकार कर दिया था।
