कर्ज में डूबे एक ही परिवार के 7 लोगों ने की आत्महत्या
चंडीगढ़। हरियाणा के पंचकूला से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। एक ही परिवार के 7 लोगों द्वारा आत्महत्या करने की घटना से इलाके के लोग सदमे में हैं। पीड़ित परिवार के लोग देहरादून के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक परिवार बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा में शामिल होने के लिए देहरादून से पंचकूला पहुंचा था। सामूहिक रूप से आत्महत्या की यह घटना पंचकूला के सेक्टर 27 की है।
एक ही परिवार के 7 सदस्यों ने गाड़ी में जहर खाकर आत्महत्या की। सभी का शव पंचकूला के सेक्टर 27 स्थित एक मकान के बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ी में बंद मिला। पीड़ित परिवार के लोग देहरादून के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग कर्ज में थे और आर्थिक तंगी का सामना कर रहे थे।
देहरादून निवासी प्रवीण मित्तल अपने परिवार सहित पंचकूला में आयोजित बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद देहरादून वापस जाते हुए उन्होंने सामूहिक आत्महत्या का यह कदम उठाया।
पंचकूला की डीसीपी पंचकूला हिमाद्री कौशिक के अनुसार, “हमें सूचना मिली थी कि छह लोगों को ओजस अस्पताल लाया गया है। जब हम यहां पहुंचे तो पता चला कि वे सभी मर चुके हैं। एक अन्य व्यक्ति को सेक्टर 6 के सिविल अस्पताल लाया गया, उसे भी मृत घोषित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं।”
पंचकूला पुलिस के मुताबिक सभी सातों शवों को पंचकूला के निजी अस्पतालों के शव गृह में रखवाया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर नमूने जांच के लिए मौके से लिए हैं।
मृतकों में देहरादून निवासी 42 वर्षीय निवासी प्रवीण मित्तल, उनके माता-पिता, प्रवीण की पत्नी और 2 बेटी और एक बेटे सहित तीन बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें कर्ज होने का जिक्र किया गया है।
