सांसद बैनीवाल ने ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार को घेरा, पूछा “POK पर कब्ज़ा क्यों नहीं किया”
बीकानेर। राष्ट्रीय लोकतान्त्रिक पार्टी (RLP) के सांसद हनुमान बेनीवाल ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मोदी सरकार पर सवाल दागे हैं। हनुमान बेनीवाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर बहुत आवश्यक था। ऑपरेशन सिंदूर में आपने वे आतंकी कैंप पीछे क्यों छोड़ दिए, जिनको ध्वस्त करने की आवश्यकता थी? पीओके पर कब्जा क्यों नहीं किया गया?
नागौर से सांसद बेनीवाल ने यहां ‘आक्रोश रैली’ में कई मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीकानेर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया रैली विफल रही और इसमें जगह भरने के लिए सरकारी कर्मचारियों को बुलाया गया था।
बेनीवाल ने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, आपको तो ये भी पता नहीं कि रगों में लहू बहता है, सिंदूर नहीं। बता दें कि बीकानेर में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि उनकी रगों में खून नहीं, बल्कि गर्म सिंदूर बह रहा है। सांसद ने कहा कि पर्ची से मुख्यमंत्री का नाम तय कर प्रधानमंत्री ने राजस्थान का अपमान किया. हमें इसका बदला लेना होगा।
