राजद प्रमुख लालू यादव का एक्शन: बेटे तेज प्रताप को पार्टी से निष्कासित किया

राजद प्रमुख लालू यादव का एक्शन: बेटे तेज प्रताप को पार्टी से निष्कासित किया

पटना। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बड़ा एक्शन लेते हुए अपने बेटे तेज प्रताप को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

तेज प्रताप ने कल ही सोशल मीडिया पर अपनी नई रिलेशनशिप को लेकर खुलासा किया था। हालांकि लोगों के सवाल उठाने पर उन्होंने अपना ट्विटर हैंडल हैक होने की बात कही।

वहीं अपने फैसले की जानकारी देते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, ” निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।

अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूँ। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।”

वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस मामले में कुछ भी साफ कहने से इनकार कर दिया। तेज प्रताप की नई रिलेशनशिप को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि वे वयस्क हैं और अपने निजी जीवन से जुड़े फैसले खुद ले सकते हैं।

TeamDigital