पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में हरियाणा की युट्यूबर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तार
नई दिल्ली। यूट्यूब से सुर्ख़ियों में आयी हरियाणा की ज्योति मल्होत्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ज्योति पर आरोप है कि उसने भारत के सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सेना से जुड़ी कई गुप्त सूचनाएं पाकिस्तान भेजी थीं।
जांच में सामने आया कि ज्योति पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रही थी। वह पाकिस्तान हाई कमीशन के माध्यम से वीजा पर 2023 में पाकिस्तान की यात्रा की थी। इस यात्रा के दौरान वह पाकिस्तान हाईकमीशन भी गईं थी और उसने पाकिस्तान के कई उच्च अधिकारियों से भी मुलाकात की थी। उसने इसकी जानकारी खुद अपने इंस्टाग्राम पेज पर साझा की थी।
सूत्रों की माने तो ज्योति पिछले कुछ समय से ख़ुफ़िया विभाग के रडार पर थी और उस पर नज़र रखी जा रही थी। इस बीच पहलगाम हमले के बाद भारत की तरफ से पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ तो जांच में सामने आया कि ज्योति ऑपरेशन सिंदूर से जुडी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान को भेज रही है।
पूरी जानकारी और पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया। ज्योति उन छह लोगों में शामिल है जिन्हें खुफिया एजेंसियों की सूचना के बाद गिरफ्तार किया गया है।
