अब सेना पर मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम की अमर्यादित टिप्पणी, कहा “सेना मोदी जी के चरणों में नतमस्तक”

अब सेना पर मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम की अमर्यादित टिप्पणी, कहा “सेना मोदी जी के चरणों में नतमस्तक”

भोपाल। भारतीय सेना की कर्नल सोफिया को लेकर मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार के मंत्री विजय शाह की विवादित और अमर्यादित टिप्पणी का मामला थमा भी नहीं था कि  राज्य सरकार में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सेना को लेकर बेहद अमर्यादित टिप्पणी कर बीजेपी के लिए नई मुश्किल पैदा कर दी है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा, “पूरा देश, देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।”

कार्यक्रम के दौरान जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले का जिक्र करते हुए देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकियों के ठिकानों को नष्ट करने का जो साहसिक निर्णय लिया, उसके लिए पूरा देश आभारी है ।

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी अटैक को लेकर कहा, इस हमले के बाद मन में बहुत क्रोध था, जो टूरिस्ट घूमने गए थे । उन्हें जिस तरह से लोगों को धर्म पूछ-पूछ कर मारा, महिलाओं के सामने उनके पतियों को गोली मारी। उस दिन से पूरे देश के लोगों के दिमाग में बहुत तनाव था।

डिप्टी सीएम ने कहा, जिन महिलाओं के सिंदूर को मिटाने का काम जिन आतंकवादियों ने किया, आतंकवादियों को जो पाल रहे हैं। हम जब तक उनको नेस्तनाबूद नहीं कर देते तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे।

उन्होंने अमर्यादित टिप्पणी करते हुए कहा, पीएम मोदी को हमें धन्यवाद देना चाहिए। पूरा देश और देश की वो सेना उनके चरणों में नतमस्तक है। उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है उसकी जितनी सराहना की जाए वो कम है।

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश में राजनीतिक तूफान आना तय माना जा रहा है। कांग्रेस पहले ही राज्य सरकार में मंत्री विजय शाह की टिप्पणी को लेकर राज्य सरकार को घेर रहा है और अब विपक्ष को सरकार और बीजेपी के खिलाफ एक और मुद्दा मिल गया है।

TeamDigital