भारत ने पाकिस्तान से सभी आयात-निर्यात पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया
नई दिल्ली। भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में तत्काल प्रभाव से पाकिस्तान से सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है।
भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय ने नोटिस जारी करते हुए इस प्रतिबंध को जल्द से जल्द लागू करने का आदेश दिया है।
भारत के निर्णय से पाकिस्तान से भारत में माल की सभी आवक पूरी तरह से रुक जाएगी। भारत का पाकिस्तान को पिछले साल अप्रैल से इस साल जनवरी तक निर्यात 44.76 करोड़ डॉलर था, जबकि आयात मात्र 4.2 लाख डॉलर था।
नोटिफिकेशन में कहा गया है कि पाकिस्तान से आने वाले या वहां से निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात, चाहे स्वतंत्र रूप से आयात योग्य हो या अन्यथा अनुमति प्राप्त हो, तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक बैन रहेगा। यह प्रतिबंध राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में लगाया गया है। इस प्रतिबंध के किसी भी अपवाद के लिए भारत सरकार की पूर्व स्वीकृति की आवश्यकता होगी।
बता दें कि भारत से पाकिस्तान जाने वाली वस्तुओं की सूची में कपास, केमिकल, फूड प्रोडक्ट्स, दवाइयां और मसाले मुख्य रूप से शामिल हैं। इसके अलावा चाय, कॉफी, रंग, प्याज, टमाटर, लोहा, इस्पात, चीनी, नमक और ऑटो पार्ट्स जैसी चीजें भी भारत से पाकिस्तान को तीसरे देशों के माध्यम से जाती रही हैं।
22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मौजूद बैसरन घाटी पर हुए आतंकी हमले के बाद से ही भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े फैसले ले रही है। भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौता रद कर दिया गया है।
इतना ही नहीं भारत में रहने वाले सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा भारत ने सभी पाकिस्तानी एयरलाइंस के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद कर दिया है।
