संविधान बचाओ रैली में बोले खरगे, “56 इंच का सीना अब छोटा हो गया है”

संविधान बचाओ रैली में बोले खरगे, “56 इंच का सीना अब छोटा हो गया है”

जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अब 56 इंच का सीना छोटा हो गया है।

खरगे ने कहा कि जब पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई और इस पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई गई, तब प्रधानमंत्री उसमें शामिल नहीं हुए।

जयपुर में आयोजित ‘संविधान बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि जब देश की शान पर हमला हुआ, तब प्रधानमंत्री बिहार में चुनावी भाषण दे रहे थे। सभी दलों के नेता बैठक में आए, लेकिन प्रधानमंत्री नहीं आए।

खरगे ने पूछा कि क्या बिहार दूर था? उन्हें आना चाहिए था और योजना के बारे में बताना चाहिए था कि उन्हें हमसे किस तरह की मदद चाहिए।

खरगे ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये देश बांटने की बात करते हैं, जबकि कांग्रेस देश जोड़ने की बात करती है। उन्होंने आगे कहा कि इस देश में संविधान सबसे बड़ा है और हमारा लोकतंत्र संविधान के अनुसार चलता है।

खरगे ने सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग और कांग्रेस नेताओं पर छापों को लेकर सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जब भी कांग्रेस आगे बढ़ती है, ये लोग उसे दबाने की कोशिश करते हैं। लेकिन हम दबने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता विरोधियों को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन झूठे मुकदमे चलाकर वे लोकतंत्र को कमजोर नहीं कर सकते।

TeamDigital