देश में कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार: महबूबा
श्रीनगर। पीडीपी की अध्यक्ष और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सरकार से अपील की है कि वह देश के विभिन्न इलाकों में रह रहे कश्मीरी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
महबूबा मुफ्ती ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से अपील की कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दक्षिणपंथी संगठनों की धमकियों को देखते हुए देश के अन्य हिस्सों में रह रहे कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने पहलगाम हमले को लेकर अमित शाह से बातचीत की और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
उन्होंने लिखा, ‘‘गृहमंत्री अमित शाह जी से बात कर मैंने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और शोकसंतप्त परिवारों के प्रति एकजुटता जाहिर की। हम दुख की घड़ी में देश के साथ खड़े हैं।’’
महबूबा ने आगे लिखा, ‘‘साथ ही मैंने उनसे उन तत्वों के खिलाफ तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया है जो देश के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरी छात्रों और व्यापारियों को खुली धमकियां दे रहे हैं। उनसे आग्रह किया कि जहां भी ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, वहां कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अविलंब हस्तक्षेप किया जाए।’’
दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कथित तौर पर एक व्यक्ति खुद को हिंदू रक्षा दल का अध्यक्ष बताते हुए कश्मीरियों को धमकाता नज़र आया हैं । इस वीडियो में उत्तराखंड में कश्मीरियों को सुबह दस बजे तक राज्य छोड़ने की चेतावनी दी गई है।
