गुजरात में अकेले उपचुनाव लड़ेगी कांग्रेस, आप से नहीं होगा गठबंधन
अहमदाबाद। गुजरात में विसावदर और कड़ी विधानसभा के लिए होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस आम आदमी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी ने तय किया है कि वह दोनों सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी।
रविवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक ने पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के साथ बैठक की जिसमें संगठन मजबूती से लेकर उपचुनावों में गठबंधन पर चर्चा हुई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने गठबंधन तोड़ते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन है लेकिन राज्यों में नहीं है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा और दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आप ने कांग्रेस से गठबंधन नहीं किया और अकेले चुनाव लड़ा। इसलिए कांग्रेस ने तय किया है कि वह दोनों सीटों पर विधानसभा उपचुनाव में अकेले मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मतदाता ने कभी भी तीसरे पक्ष को स्वीकार नहीं किया है। पिछले चुनाव में भी आप को 11% वोट मिले थे लेकिन मुख्य विपक्षी दल के तौर पर कांग्रेस ही सामने आया।
कांग्रेस प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा कि हम गुजरात में कांग्रेस को और मजबूत करने पर काम कर रहे हैं और हमें अच्छे परिणामों की उम्मीद है।
