मुंबई में जैन मंदिर ढहाए जाने पर बोले अखिलेश, “अल्पसंख्यक होना एक अभिशाप बनता जा रहा है”

मुंबई में जैन मंदिर ढहाए जाने पर बोले अखिलेश, “अल्पसंख्यक होना एक अभिशाप बनता जा रहा है”

नई दिल्ली। अभी हाल ही में मुंबई में एक जैन मंदिर ढहाए जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है।

उन्होंने भाजपा सरकारों पर पूरे भारत में शांतिपूर्ण जैन समुदाय को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।

यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जैन समुदाय को सीधे संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ वर्तमान समय में देश में अल्पसंख्यक होना एक अभिशाप बनता जा रहा है। आज अल्पसंख्यक जैन समुदाय के बीच भय, असुरक्षा और अनिश्चितता की जो भावना व्याप्त है वो अत्यधिक चिंता का विषय है। जिसकी चर्चा, निंदा और आक्रोशपूर्ण प्रतिक्रिया संपूर्ण विश्व में हो रही है।’’

घटनाओं की एक श्रृंखला पर प्रकाश डालते हुए यादव ने दावा किया कि ये समुदाय के प्रति बढ़ती आक्रामकता का हिस्सा हैं।

अखिलेश यादव ने मध्यप्रदेश के सिंगोली में जैन साधुओं पर हुए हिंसक हमले, जबलपुर से लीक हुए एक ऑडियो क्लिप जिसमें कथित तौर पर भाजपा सदस्यों द्वारा जैनियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही है और मुंबई में एक जैन मंदिर के ध्वस्तीकरण का जिक्र किया जहां कथित तौर पर जैन तीर्थकरों की मूर्तियों, जिनवाणी व अन्य पूजनीय ग्रंथों और शास्त्रों का निर्वासन और निरादर किया।

सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया, ‘‘आखिर ये क्यों होता है कि जहां-जहां भी भाजपा सरकारें हैं वहां-वहां जैनियों के तीर्थस्थलों, मंदिरों, जिनालयों, चैत्यालयों, समाजसेवी संस्थानों और समाज के साथ ऐसी विद्वेषपूर्ण घटनाएं हो रही हैं।’’

यादव ने कहा, ‘‘ये सब कुछ जैन समुदाय के उत्पीड़न के ही मामले हैं। ये तो वो घटनाएं हैं जो उजागर हो गयीं नहीं तो न जाने ऐसे कितने प्रकरण हैं, जहां जैन समाज को प्रताड़ित करने का काम वर्चस्ववादी ताकतें हमेशा करती रही हैं।’’

TeamDigital