उत्तर प्रदेश में मदरसों को लेकर आज से ये काम शुरू करेगी योगी सरकार

उत्तर प्रदेश में मदरसों को लेकर आज से ये काम शुरू करेगी योगी सरकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज से मदरसों के सर्वे का काम शुरू होने जा रहा है। प्रदेश में अवैध मदरसों को चिन्हित करने के लिए शिक्षा विभाग और जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों की टीम मदरसों के सर्वे का काम करेगी। बता दें कि मदरसों के सर्वे की रिपोर्ट 25 अक्टूबर तक प्रदेश सरकार को सौंपी जानी है।

उत्तर प्रदेश में मदरसों के सर्वे के सरकारी फरमान को लेकर अभी हाल ही में जमीयत उलेमा-ए-हिन्द ने दिल्ली में एक बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में एक स्टेरिंग कमेटी का भी गठन किया गया था। यह कमेटी मदरसों से जुड़े मुद्दे पर सरकार से बात करने के लिए अधिकृत की गई है।

वहीँ मदरसों के सर्वे को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्म हो गई है। मदरसों के सर्वे के योगी सरकार के फरमान पर बसपा सुप्रीमो और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्वीट कर कहा कि ‘”मुस्लिम समाज के शोषित, उपेक्षित व दंगा-पीड़ित होने आदि की शिकायत कांग्रेस के ज़माने में आम रही है, फिर भी बीजेपी द्वारा ’तुष्टीकरण’ के नाम पर संकीर्ण राजनीति करके सत्ता में आ जाने के बाद अब इनके दमन व आतंकित करने का खेल अनवरत जारी है, जो अति-दुःखद व निन्दनीय है।”

उन्होंने कहा कि “इसी क्रम में अब यूपी में मदरसों पर भाजपा सरकार की टेढ़ी नजर है। मदरसा सर्वे के नाम पर कौम के चन्दे पर चलने वाले निजी मदरसों में भी हस्तक्षेप का प्रयास अनुचित जबकि सरकारी अनुदान से चलने वाले मदरसों व सरकारी स्कूलों की बदतर हालत को सुधारने पर सरकार को ध्यान केन्द्रित करना चाहिए।”

वहीँ इससे पहले आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी यूपी में मदरसों के सर्वे के योगी सरकार के फैसले पर लेकर सवाल उठा चुके हैं।

TeamDigital