इस्लाम में जायज नहीं है ‘एक सांस में तीन तलाक’ : कल्बे जवाद
फर्रुखाबाद। शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के संस्थापक सदस्य मौलाना कल्बे जवाद ने कहा कि एक सांस में तीन तलाक इस्लाम में जायज नहीं है। शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की ओर से जारी निकाहनामे के नए ड्राफ्ट के संबंध में कहा कि इससे तलाक संबंधी विवादों में कमी आएगी। मजलिस को खिताब करने आए मौलाना जवाद ने कहा कि एक बार तलाक कहने के बाद शरई नजरिए से न सही, लेकिन अखलाकी एतबार से निकाह टूट जाता है।
ऐसे में दोबारा या तिबारा तलाक कहने का अखलाकी हक भी शौहर से खत्म हो जाता है। इसलिए दूसरे और तीसरे तलाक के बीच में वक्फा और सुलह की गुंजाइश होनी चाहिए। फिर भी अगर बात न बने तो किसी मजहबी रहनुमा से बात करनी चाहिए। तलाक तो अंतिम विकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नए पारिवारिक मुकदमों में कमी आएगी। उन्होंने इसे पूरी तरह से इस्लाम के दायरे में बताया।
आजम खान पर उठाए सवाल
प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री आजम खान पर भी मौलाना कल्बे जवाद ने सवाल उठाया। कहा कि वक्फ मंत्री के तौर पर आजम खान ने खुद चीफ-मिनिस्टर को वक्फ संपत्तियों में घोटाले की सीबीआइ से जांच कराने को पत्र लिखा था। बाद में उन्होंने अपने लोगों को वक्फ बोर्डों का अध्यक्ष बनवा लिया और खामोश बैठ गए।
प्रदेश सरकार ने सीबीसीआइडी से जांच कराई तो उसमें बोर्ड में शामिल लोगों की मिलीभगत सामने आ गई। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे जाहिर है कि प्रदेश सरकार की भी नीयत साफ नहीं है।
