काटजू बोले ‘केजरीवाल में नही है दिमाग, वे वोट के लिए किसी भी स्तर तक जा सकते हैं’

नई दिल्ली। पंजाब में सत्ता में आने पर अमृतसर को पवित्र शहर का दर्जा देने के अरविंद केजरीवाल के चुनावी वादे पर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस मार्कडेय काटजू भड़क गए हैं। काटजू ने अपने फेसबुक पोस्ट में आप नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह के चुनावी वादे से केजरीवाल राजनीति को निम्न स्तर पर ले जा रहे हैं।

काटजू ने कहा कि केजरीवाल के बयानों के कारण अब उनका पर्दाफाश हो रहा है। साथ ही यह भी साबित हो रहा है कि केजरीवाल में दिमाग नहीं है और वे वोटों के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पंजाब दौरा किया था, इस दौरान उन्होंने कहा था कि यदि विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है, तो अमृतसर और आनंदपुर साहिब को पवित्र शहर का दर्जा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इन दोनों शहरों में तम्बाकू और शराब पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाएगा।

काटजू ने अपनी पोस्ट में कहा कि इस तरह की मांग फिर इलाहाबाद, वाराणसी, अयोध्या मथुरा, द्वारिका, पुरी, हरिद्वार, महेश्वर, मदुरई और अजमेर शरीफ के लिए भी की जा सकती है। काटजू ने कहा कि इस तरह के चुनावी वादों से देश का धर्मनिरपेक्ष तानाबाना प्रभावित हो सकता है।

TeamDigital