फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहिन मालविका कांग्रेस में शामिल

फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहिन मालविका कांग्रेस में शामिल

चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की बहिन मालविका ने आज कांग्रेस में शामिल हो गयी हैं। मालविका ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

पिछले काफी दिनों से इस बात को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि मालविका कभी भी कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि हम सब मालविका का स्वागत करते हैं और मुझे खुशी है कि एक समाजसेवी परिवार की एक सदस्य का हमारी पार्टी में होना बहुत बड़ा शुभ शगुन है। मुझे उम्मीद है कि वह आने वाले समय में मोगा की बड़ी सेवा करेंगी।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि सोनू सूद अपनी अच्छाई और इंसानियत के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते हैं और आज उस परिवार का एक सदस्य कांग्रेस का हिस्सा बनने जा रही है। गरीब बच्चियों को एक हजार साइकिल देने समेत गरीबों का मुफ्त में इलाज करवाने जैसी सेवा कर सूद परिवार ने समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

माना जा रहा है कि पंजाब के विधानसभा चुनाव में पार्टी मालविका सूद को मोगा से उम्मीदवार बनाएगी। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

गौरतलब है कि बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद उस समय देश की सुर्ख़ियों में आये जब देश में कोरोना के कारण लग परेशान थे। मुंबई सहित देश के कई हिस्सों में लोग लॉक डाउन में फंस गए थे। वहीँ सोनू सूद ने प्रवासी लोगों को उनके ठिकानो तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। इतना ही नहीं सोनू सूद कई परिवारों के लिए मसीहा की तरह सामने आने और मदद का जरिया बने। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान भी सोनू सूद समाज सेवा में लगे रहे।

TeamDigital