रायबरेली में बोले अखिलेश: योगी बुलडोजर लेकर लखीमपुर खीरी कब जायेंगे?

रायबरेली में बोले अखिलेश: योगी बुलडोजर लेकर लखीमपुर खीरी कब जायेंगे?

लखनऊ ब्यूरो। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज रायबरेली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और बीजेपी पर कड़े प्रहार किये।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से बड़ा झूठ कोई पार्टी नहीं बोल सकती। हमारे नौजवान जानते होंगे कि कहीं नौकरी नहीं है, परीक्षा रद्द हो जाएगी और अगर आपकी तैयारी अच्छी होगी तो हो सकता है कि पेपर लीक हो जाए।भाजपा कोई परीक्षा पूरी नहीं कर पाई।

उन्होंने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी है। भाजपा ने जनता को सिर्फ दिक्कत, ज़िल्लत और किल्लत दी है। योगी सरकार कहती है कि ऑक्सीजन की कमी से किसी की मृत्यु नहीं हुई है। मुख्यमंत्री जी केवल झूठ बोलना जानते हैं।

समाजवादी विजय रथ यात्रा लेकर रायबरेली पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने जनता को दिक्कत,किल्लत और जिल्लत के अलावा कुछ भी नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सिर्फ बड़े-बड़े विज्ञापनों में ही विश्वास रखती है लेकिन असल में यूपी की जनता के पास रोजगार तक नहीं है।

अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी ने यूपी को नंबर-1 बनाने का दावा किया था लेकिन वह सिर्फ किसान आत्महत्या, अपराध, पुलिस हिरासत में होने वाली मौतों, जिंदा गायों को दफनाने के मामले में ही उच्च स्थान पर हैं।

अखिलेश यादव ने ऑक्सीजन की कमी से जान न जाने वाले बयान पर बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार सबसे बड़ा झूठ बोल रही है कि कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी से एक भी जान नहीं गई। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक परिवार का सदस्य ही लोगों के दुख को समझ सकता है।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि उद्घाटन में नारियल टूटने की बजाय सड़क ही टूट जाएगी। अब बीजेपी सरकार टमाटर से उद्घाटन करेगी। इसके साथ ही माफियाओं की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाए जाने पर भी अखिलेश यादव ने योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि बुलडोजर सीएम योगी को सबसे ज्यादा प्रिय है। उन्होंने सवाल किया कि वह बुलडोजर को लखीमपुर खीरी कब लेकर जाएंगे, इसका जवाब सीएम को देना चाहिए।

TeamDigital