बीजेपी कार्यकर्ता की कार में मिलीं 500-500 रुपये के नोटों से भरी गड्डियां, यूपी जा रहा था पैसा

नई दिल्ली । गुरूवार को एनएच-24 पर एक संदिग्ध कार को रोकने पर तलाशी के दौरान बैग में तीन करोड़ रुपये बरामद होने पर हड़कंप मच गया। यह रकम भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय से लखनऊ कार्यालय भेजी जा रही थी। बाद में पुलिस व आयकर विभाग की जांच के बाद रकम छोड़ दी गई।

घटना सुबह 9 बजे की है। हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार काला पत्थर रेड लाइट जंप कर गई। गाड़ी आगे बढ़ने पर ट्रैफिक पुलिस ने वायरलेस कर कार को मॉडल टाउन कट पर रुकवा लिया। कार की जांच में तीन बड़े बैग मिले, जिनमें से दो में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी थीं, जबकि एक बैग में कपड़े थे। गाड़ी में दो युवक थे, जिन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

इतनी बड़ी रकम देखकर जांच करने वाले पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी और गाड़ी इंदिरापुरम थाने ले गए। पूछताछ में गाड़ी में सवार युवकों ने बताया कि यह रकम भाजपा के पार्टी फंड की है। इसे दिल्ली से लखनऊ भाजपा कार्यालय ले जाया जा रहा है।

इस बीच इनकम टैक्स के अधिकारी भी थाने पहुंच गए। पुलिस द्वारा युवकों से इतनी बड़ी रकम ले जाने के दस्तावेज मांगे गए तो उन्होंने भाजपा के केंद्रीय कार्यालय द्वारा जारी लेटर की कॉपी मोबाइल में वाट्स ऐप पर दिखाई, जिसे पुलिस ने मानने से इनकार कर दिया। इस पर युवकों ने भाजपा नेताओं को जानकारी दी।

कुछ देर बाद भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा और क्षेत्रीय मंत्री मनोज गुप्ता थाना इंदिरापुरम पहुंचे और पुलिस को रकम ट्रांजिट कर ले जाने का लेटर दिखाया, जिसे भाजपा कार्यालय दिल्ली के अकाउंट हेड मनोज कुमार ने लिखा था। लेटर में लिखा है कि उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यकर्ता अनूप अग्रवाल के जरिये तीन करोड़ रुपये की रकम दिल्ली कार्यालय से लखनऊ कार्यालय भेजी जा रही है।

TeamDigital