बीजेपी के खिलाफ राहुल गांधी ने बदली रणनीति, तैयार हो रही नई टीम !

बीजेपी के खिलाफ राहुल गांधी ने बदली रणनीति, तैयार हो रही नई टीम !

नई दिल्ली। 2014 और 2019 में बीजेपी हाथो कड़ी शिकस्त झेल चुकी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अब बीजेपी के खिलाफ अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है।

सूत्रों के मुताबिक, बदली हुई रणनीति के तहत राहुल गांधी छात्र राजनीति से राजनीति की मुख्यधारा में आये चेहरों की एक नई टीम तैयार कर रहे है। इस टीम में देश के कई विश्वविधालयो के छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव सहित कई छात्र नेताओं का चयन किया गया है और इन चेहरों को राजनीति धारा से जोड़ा जाना है।

सूत्रों ने कहा कि बदली हुई रणनीति के तहत राहुल गांधी संघ और बीजेपी पर अपने हमले और तेज और धारदार करेंगे। राहुल गांधी अभी हाल ही में महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस में दिए गए भाषण में इसके संकेत दे चुके हैं।

सूत्रों ने कहा कि दक्षिण के कुछ राज्यों, गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित देश कई राज्यों में छात्र नेताओं को कांग्रेस में शामिल करने की कवायद शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी और जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार से राहुल गांधी की मुलाकात हो चुकी है।

सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश पर देशभर में जुझारू छात्र नेताओं की पहचान कर उन्हें पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के लिए दिल्ली बुलाये जाने की तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, लखनऊ सहित कई बड़े जिलों के छात्र नेताओं के साथ राहुल गांधी की जल्द बैठक आयोजित की जा सकती है।

सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी अब बदली हुई रणनीति के तहत जल्द ही युवाओं की एक नई टीम को कांग्रेस में ज़िम्मेदारी देंगे और जुझारू युवाओं यह टीम अलग अलग राज्यों में कांग्रेस में जनता से संवाद शुरू करेगी। हालांकि कहा जा रहा है कि राहुल गांधी युवा कांग्रेस के काम से संतुष्ट हैं लेकिन उन्हें उन करिश्माई चेहरों की तलाश हैं जो चुनाव में बीजेपी शासित राज्यों में पार्टी के लिए बड़ी भूमिका का निर्वाह कर सकें।

अभी हाल ही में कई मीडिया रिपोर्ट में आई खबरों में भी इस बात की पुष्टि की गई है कि सीपीआई नेता कन्हैया कुमार गुपचुप तरीके से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले थे। इन मीडिया रिपोर्ट में कन्हैया कुमार के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना भी जताई गई है।

TeamDigital