नंदीग्राम पर चुनाव आयोग ने तोड़ी चुप्पी, रिटर्निंग ऑफिसर ही ले सकते हैं रीकाउंटिंग का फैसला

नंदीग्राम पर चुनाव आयोग ने तोड़ी चुप्पी, रिटर्निंग ऑफिसर ही ले सकते हैं रीकाउंटिंग का फैसला

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हार के बाद तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से दोबारा मतगणना कराने की मांग की है। इस मामले में चुनाव आयोग ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि दोबारा मतगणना का फैसला नंदीग्राम के रिटर्निंग ऑफिसर ही ले सकते हैं।

चुनाव आयोग ने अपने बयान में कहा, “चाहे नामांकन की बात हो, मतदान हो या फिर मतगणना, रिटर्निंग ऑफिसर चुनावी नियमों के मुताबिक आयोग के नियमों और गाइडलाइंस को कड़ाई से लागू करने के लिए काम करता है।”

नंदीग्राम के फैसले पर ममता बनर्जी ने कहा था कि उनकी पार्टी चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ कोर्ट जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नंदीग्राम का मतदान अधिकारी दबाव में था, इसलिए उसने रिकाउंटिंग की मांग को खारिज कर दिया. ममता ने अपनी दलीलों के संबंध में अपने मोबाइल फोन में एक मैसेज भी दिखाया।

उन्होंने कहा, “मैं नहीं बता सकती कि मेरे पास किसने मैसेज भेजा, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने इस मैसेज को लिखा है और कहा है कि उसकी जान खतरे में है।”

गौरतलब है कि नंदीग्राम विधानसभा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी उम्मीदवार शुभेन्दु अधिकारी के बीच कांटे की टक्कर में शुभेन्दु अधिकारी ने टीएमसी नेता ममता बनर्जी को 1956 वोटों से हरा दिया।

TeamDigital