बीजेपी को एक और झटका: दिवंगत कांग्रेस नेता की पत्नी ने लौटाया बीजेपी का टिकिट

बीजेपी को एक और झटका: दिवंगत कांग्रेस नेता की पत्नी ने लौटाया बीजेपी का टिकिट

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी ने कोलकाता के चौरंगी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिवंगत सोमेन मित्रा की पत्नी शिखा मित्रा को उम्मीदवार बनाया था लेकिन शिखा मित्रा ने बीजेपी का टिकिट वापस कर लिया है।

शिखा मित्रा ने कहा कि उन्होंने बीजेपी से टिकिट मांगा ही नहीं था और न ही उन्हें उम्मीदवार बनाने के पहले बीजेपी के किसी नेता ने उनसे कोई संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वह बीजेपी के टिकिट पर चुनाव नहीं लड़ेंगी।

शिखा मित्रा ने कहा कि उनके पति कांग्रेस में थे और उनकी विचारधारा आज भी उनके दिल में ज़िंदा है। ऐसे में बीजेपी के टिकिट पर चुनाव लड़ना तो दूर की बात है, बीजेपी से जुड़ने का भी मतलब नहीं बनता।

सूत्रों के मुताबिक दिवंगत कांग्रेस नेता सोमेन मित्रा की पत्नी शिखा मित्रा को बीजेपी में शामिल करने के लिए नंदीग्राम से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने संपर्क किया था लेकिन इस मुलाकात में दिवंगत कांग्रेस नेता की पत्नी शिखा मित्रा ने बीजेपी में शामिल होने से इंकार कर दिया था।

इस मुलाकात के बाद शिखा मित्रा ने कहा था कि मेरे पति सोमेन मित्रा का शुभेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी के साथ बहुत ही करीबी रिश्ता था। वे समय-समय पर उनके घर आते रहे हैं। मेरा बीजेपी में शामिल होने का न तो कोई इरादा है न ही इस पर मैंने कोई फैसला किया है।

इस मुलाकात के बाद अटकलों के घेरे में आयीं शिखा मित्रा ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, “मैं कभी भी बीजेपी का उम्मीदवार नहीं बनूंगी। यह बिल्कुल अविश्वसनीय है। यह झूठ है।”

फिलहाल शिखा मित्रा के बीजेपी में शामिल होने और बीजेपी के टिकिट पर चुनाव लड़ने के इंकार के बाद बीजेपी की किरकिरी अवश्य हुई है। दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि शिखा मित्रा बीजेपी की जगह तृणमूल कोंग्रस में शामिल हो सकती हैं और टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने शिखा मित्रा से मुलाकात की है।

TeamDigital