पीएम मोदी की तुलना भगवान से किये जाने को कांग्रेस ने बताया धार्मिक आस्थाओं का अपमान
नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना भगवानो से किये जाने पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के बयान को धार्मिक आस्थाओं का अपमान बताया है।
सीएम तीरथ सिंह रावत के बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने पलटवार करते हुए कहा कि “इस पर हंसा जा सकता है। यह हमारी धार्मिक आस्थाओं का अपमान है। राम और कृष्ण जिन्हें हमारे वेदों ने भगवान का स्वरूप माना है। यह उनका भी अपमान है। मोदी जी खुद इस बात को पसंद नहीं करेंगे कि उन्हें भगवान का अंश अवतार माना जाए।”
हरीश रावत ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बेहतर इंसान हो सकते हैं। लेकिन उनकी तुलना देव पुरुषों से करना देव परुषों का अपमान है। ऐसी बातें कहकर उन्होंने हमारे उत्तराखंड को उपहास का पात्र बना दिया। हमारा राज्य बहुत शिक्षित है। देवताओं से किसी की तुलना करना हमारे राज्य के लोग पसंद नहीं करेंगे।”
गौरतलब है कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने आज पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ़ करते हुए उनकी तुलना भगवन से की थी। सीएम रावत ने कहा था कि द्वापर और त्रेता में राम कृष्ण हुए हैं। राम ने भी यही समाज का काम किया था इसलिए भगवान मानने लग गए। आने वाले समय में हम नरेंद्र मोदी को भी उसी रूप में मानने लगेंगे। वह काम प्रधानमंत्री इस देश के अंदर कर रहे हैं।
बता दें कि तीरथ सिंह रावत हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने हैं। उन्हें त्रिवेंद्र सिंह रावत के स्थान पर मुख्यमंत्री बनाया गया है। त्रिवेंद्र सिंह रावत को लेकर उत्तराखंड बीजेपी में पैदा हुए असंतोष के बाद पार्टी हाईकमान ने उन्हें दिल्ली तलब कर इस्तीफा देने के लिए कहा था।
