तूल पकड़ रहा सिंधिया की कांग्रेस में घर वापसी का मामला

तूल पकड़ रहा सिंधिया की कांग्रेस में घर वापसी का मामला

भोपाल ब्यूरो। कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में गए पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का बयान आने के बाद अब सिंधिया की कांग्रेस में घर वापसी को लेकर तरह तरह के कयासों का दौर शुरू हो गया है।

राहुल गांधी के बयान पर सिंधिया की मर्यादित टिप्पणी सामने आने के बाद सिंधिया के कांग्रेस में वापसी को लेकर चर्चाएं और गर्म हो गई हैं। वहीँ राहुल और सिंधिया के बयानों के बीच भारतीय जनता पार्टी भी इसमें शामिल हो गई है।

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को बहुत कुछ दिया। उन्हें मंत्री बनाया। एक रात में विचारधारा का परिवर्तन नहीं होता। कांग्रेस और बीजेपी की विचारधारा में जमीन-आसमान का फर्क है। इस तरह धर्म परिवर्तन भी नहीं होता जिस तरह वे कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में गए।

वहीँ कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल गांधी सिंधिया की घर वापसी के लिए ज़मीन तैयार कर रहे हैं। पार्टी हाईकमान ने दिग्विजय सिंह को राज्य सभा भेजकर उन्हें केंद्रीय राजनीति में खींच लिया है। वहीँ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ को भी केंद्रीय राजनीति में लाये जाने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।

माना जा रहा है कि जल्द ही कमलनाथ को पार्टी में महासचिव बनाया जा सकता है और पार्टी हाईकमान उन्हें भी केंद्रीय राजनीति में लाने का पक्षधर हैं। यदि सच में ऐसा होने जा रहा है तो ज्योतिरादित्य सिंधिया की वह शर्त पूरी हो जायेगी जिसके लिए उन्होंने कांग्रेस छोड़ी थी।

वहीँ इस मामले में भारतीय जनता पार्टी भी कूद पड़ी हैं। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में थे तब श्री गांधी को उनकी परवाह नहीं थी, आज वे श्री सिंधिया को इशारे कर बुला रहें हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के साथ भी अन्याय किया था, उन्हें भी मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया था। उन्होंने इस दौरान यह भी कहा कि कांग्रेस का रवैया श्री सिंधिया के प्रति उदासीन रहा है। उन्हें योग्य के होने के बावजूद उपयुक्त स्थान नहीं दिया गया।

क्या है पूरा मामला:

दरअसल, हाल ही में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सिंधिया मुख्यमंत्री बन गए होते यदि वो कांग्रेस के साथ रहे होते मगर सिंधिया भाजपा में बैकबेंचर बन गए हैं। उन्होंने कहा कि सिंधिया के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ काम करके संगठन को मजबूत करने का विकल्प था। मैंने उनसे कहा एक दिन आप मुख्यमंत्री बनेंगे। मगर उन्होंने अपना रास्ता चुना।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि ‘इसे लिख लें, वह भाजपा में कभी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। उन्हें यहां वापस आना होगा। उन्होंने युवा पार्टी के कार्यकर्ताओं को आरएसएस की विचारधारा से लड़ने और किसी से भी नहीं डरने की हिदायत दी।’

वहीँ राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। सिंधिया ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी आज जिस तरह चिंतित हैं उसी तरह जब मैं कांग्रेस में था तब होते तो एक अलग स्थिति होती।

TeamDigital