पढ़िए: कौन हैं बीजेपी नेता तीरथ सिंह रावत, जो संभालेंगे उत्तराखंड की कमान
देहरादून। उत्तराखंड में तीरथ सिंह रावत को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया गया है। रावत आज शाम 4 बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे।
इससे पहले आज सुबह विधायक दल की बैठक के बाद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद के लिए विधायक दल का नेता चुना गया है। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मैं तीरथ सिंह रावत ने कहा कि “मैं केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहूंगा जिन्होंने मुझे ये पदभार दिया। मैं गांव से आया हुआ एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं, मैंने कभी कल्पना नहीं की थी। जनता के विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे, मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के लिए जो काम किए हैं उसे आगे बढ़ाएंगे।”
गौरतलब है कि कल त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उत्तराखंड में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य बीजेपी में त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ बढ़ते असंतोष के बाद बीजेपी हाईकमान ने उन्हें दिल्ली तलब किया था। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद ही तय होगया था कि त्रिवेंद्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा और उनकी जगह पार्टी नए मुख्यमंत्री तय करेगी।
कौन हैं तीरथ सिंह रावत:
तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड बीजेपी के उन नेताओं में से एक हैं जिन्हे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के पसदीदा नेताओं की लिस्ट में सबसे ऊपर माना जाता है। रावत इस समय पौड़ी लोकसभा सीट से सांसद हैं। इससे पहले वे उत्तराखंड सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके हैं।
तीरथ सिंह रावत भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी भी बनाया गया था। यूपी के समय में वे विधान परिषद के सदस्य रहे हैं। संघ की पृष्ठभूमि वाले तीरथ के साथ कोई विवाद लंबे सियासी करियर के बाद भी नहीं जुड़ पाया।
