एमनेस्टी इंडिया के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज

बंगलुरु। बंगलुरु की जेसी नगर पुलिस ने एमनेस्टी इंडिया के ख़िलाफ़ देशद्रोह का मामला दर्ज किया है। एमनेस्टी इंडिया पर आरोप है कि उसके एक समारोह में कश्मीर की आजादी और इंडियन आर्मी के खिलाफ नारे लगाए गए। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने मानवाधिकार के उल्लंघन विषय पर शनिवार को यूनाइटेड थियोलॉजिकल कॉलेज में एक सेमीनार आयोजित किया था जिसमें कुछ कश्मीरी स्टूडेंट्स भी इससें शामिल थे और कश्मीर पर चर्चा हुई थी।

पुलिस के मुताबिक एबीवीपी जैसे संगठनों से मिली शिकायत और मौजूद वीडियो फुटेज की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सेक्शन 124 (ए) के तहत देशद्रोह का मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक किसी को अरेस्ट नहीं किया है। एक वीडियो में कुछ लोग आजादी के नारे लगाते दिख रहे हैं।”

वहां मौजूद लोगों ने बताया कि कश्मीर पर चर्चा के दौरान एक गुट ने ‘हमे चाहिए आज़ादी’ के नारे लगाए। कुछ स्टूडेंट्स ने इसका विरोध किया तो झड़प भी हुई। इसके बाद मौके पर पुलिस बुलाकर मामले को शांत कराया गया। लेकिन थोड़ी देर में एबीवीपी के मेंबर्स ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सेमिनार में मौजूद कुछ छात्रों ने आतंकी बुरहान को अपना हीरो भी बताया। सेमिनार में सेना के ख़िलाफ़ नारे भी लगाए थे। हंगामा बढ़ने लगा तो सेमिनार खत्म करने का फैसला किया और कॉलेज गेट पर ताला डाल दिया गया।

आपको बता दें कि जेएनयू में 9 फरवरी को संसद पर हमले के गुनहगार अफ़ज़ल गुरु और जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के को-फाउंडर मकबूल भट की याद में एक प्रोग्राम ऑर्गनाइज किया था। प्रोग्राम में कुछ लोगों ने देशविरोधी नारेबाजी की। इसके बाद लेफ्ट और एबीवीपी स्टूडेंट्स के बीच झड़प हुई।

दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो के आधार पर 12 फरवरी को नारेबाजी के आरोप में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में JNUSU के प्रेसिडेंट कन्हैया कुमार, उमर खालिद और आनिर्बान समेत कई छात्रों को गिरफ्तार किया गया था जिनकी बाद में ज़मानत हो गई।

TeamDigital