केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने पहुंचे किसान, थाने का घेराव
मुज़फ्फरनगर। कल केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के समर्थको और किसानो के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद आज किसानो ने केंद्रीय मंत्री बालियान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर शाहपुर थाने का घेराव किया।
आज सुबह बड़ी तादाद में किसान शाहपुर थाने पहुंचे और कल हिंसा में घायल हुए किसानो की तरफ से थाने में तहरीर दी। सैकड़ो किसानो ने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने और तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।
इससे पहले कल एक तेरहवी कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का किसानो ने जमकर विरोध किया था। किसान तीनो कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के समर्थको और किसानो के बीच जमकर झड़प हुई।
किसानो का आरोप है कि संजीव बालियान के साथ आये उनके बीजेपी समर्थको ने विरोध करने वाले किसानो को घर में घुसकर पीटा और एक किसान को घर से खींचकर ले गए। आरोप है कि इस काम में पुलिस ने भी बालियान समर्थको का साथ दिया।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान शनिवार को खाप चौधरियों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान भी किसानो ने उनका विरोध किया था। किसानो ने उनके सामने ही न सिर्फ कृषि कानूनों पर विरोध जताया बल्कि उनके समक्ष स्वामीनाथन कमेटी की सभी सिफारिशें लागू करने, एमएसपी की गारंटी के लिए कानून बनाने जैसी अपनी मांगे भी रखीं थीं।
वहीँ एक गांव लिलौन, जहां एक खाप नेता के यहॉँ संजीव बालियान को जाना था, वह खाप नेता सचिन बाबा केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के आने की खबर पाकर खुद किसान आंदोलन में शामिल होने गाज़ीपुर बॉर्डर चले गए। इसके चलते संजीव बालियान को अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
हालांकि केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि वह खाप के नेताओं से मिलने आये हैं। आंदोलन किसानो का चल रहा है खाप का आंदोलन से कोई लेना देना नहीं है। बालियान ने कहा कि वे अपने लोगों के बीच में आये हैं और उनका आना जाना लगा रहता है।
