तेंदुलकर,लता मंगेशकर सहित सेलेब्रिटीज के ट्वीट में बीजेपी आईटी सैल की भूमिका आई सामने
मुंबई। पिछले दिनों किसान आंदोलन को लेकर आये कुछ सेलेब्रिटीज़ के ट्वीट को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले की जांच में जांच में भाजपा आईटी सेल के प्रमुख और 12 इंफ्लुएंसर के नाम सामने आए है।
महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि जांच में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय समेत सोशल मीडिया पर प्रभाव डालने वाले लोगों के नाम सामने आए हैं।
गृह मंत्री अनिल देशमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी नहीं कहा कि सेलिब्रिटी की जांच होगी। देशमुख ने कहा कि मेरे बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया, मैंने कभी नहीं कहा कि हस्तियों की जांच की जाएगी, लता मंगेशकर जी हमारे लिए भगवान हैं, पूरी दुनिया सचिन तेंदुलकर का सम्मान करती है।
अनिल देशमुख ने कहा कि हम भाजपा आईटी सेल की भूमिका की जांच कर रहे हैं, क्या ट्वीट उनके प्रभाव में किए गए थे या नहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच प्रगति पर है और जल्द ही हम किसी निष्कर्ष पर पहुंच जायेंगे।
गौरतलब है कि किसान आंदोलन को लेकर पॉप सिंगर रिहाना का ट्वीट आने के बाद क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, बैडमिंटन खिलाडी साइना नेहवाल के अलावा पार्श्व गायक लता मंगेशकर के अलावा फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार जैसी कई हस्तियों ने ट्वीट किये थे।
इस घटना के बाद मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने आरोप लगाया था कि भाजपा के दबाव में जानेमाने लोगों की ओर से ट्वीट किए गए। इस आरोप के आधार पर महाराष्ट्र सरकार ने जांच के आदेश दिए थे। कांग्रेस नेता सचिव सावंत ने आरोप लगाया था कि अक्षय कुमार और साइना नेहवाल ने एक जैसे ट्वीट किए। उन्हें लगता है कि इसके पीछे बीजेपी है। सुनील शेट्टी ने एक बीजेपी नेता को टैग भी किया है जो बीजेपी की भूमिका को पूरी तरह बेनकाब करता है।
